जामताड़ा
जामताड़ा जिले में उपायुक्त (DC) आलोक कुमार के निर्देश पर अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन का कड़ा रुख लगातार जारी है। इसी कड़ी में खनन विभाग की टीम ने नाला थाना क्षेत्र के विभिन्न बालू घाटों पर छापेमारी अभियान चलाया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस और माइनिंग टीम ने महेश मुंडा स्थित नूतन डीह रोड के पास से अवैध बालू से लदे दो ट्रैक्टरों को जप्त किया है। माइनिंग इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार के नेतृत्व में जब टीम नूतन डीह रोड के पास जांच अभियान चला रही थी, तभी नदी की तरफ से बालू लादकर आ रहे दो ट्रैक्टरों को रोका गया।
.jpg)
अवैध रूप से बालू की बिक्री बर्दाश्त नहीं
खनन विभाग की टीम को सामने देख दोनों ट्रैक्टरों के चालक बीच सड़क पर ही वाहनों को छोड़कर मौके से फरार हो गए। माइनिंग इंस्पेक्टर ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से तुरंत दोनों ट्रैक्टरों को जप्त किया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए उन्हें नाला थाना को सुपुर्द कर दिया है। वर्तमान में नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल (NGT) द्वारा बालू के उठाव पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाई गई है। इसके बावजूद बालू माफिया चोरी-छिपे इस अवैध कारोबार को अंजाम देने में जुटे हैं। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जिले में किसी भी कीमत पर अवैध रूप से बालू की बिक्री बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और बालू माफियाओं के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
.jpg)