जामताड़ा
नगर निकाय चुनाव का बिगुल बजते ही जामताड़ा में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। संभावित प्रत्याशी अब खुलकर सामने आने लगे हैं। इसी क्रम में बुधवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने बड़ा ऐलान किया। उन्होंने बताया कि केंद्रीय कमेटी के निर्देशानुसार इस बार जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए पार्टी के समर्थन से पूर्व विधायक स्वर्गीय विष्णु प्रसाद भैया की पत्नी चमेली देवी चुनाव लड़ेंगी।
.jpeg)
जिला अध्यक्ष नरेंद्र मुर्मू ने स्पष्ट किया कि नगर निकाय चुनाव पार्टी के बैनर तले नहीं लड़ा जाएगा, लेकिन झामुमो अपने समर्थित प्रत्याशियों के पक्ष में पूरी ताकत लगाएगा। शीर्ष नेतृत्व को दिए गए आवेदन के बाद चमेली देवी के नाम की घोषणा की गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरे जोश-खरोश के साथ चमेली देवी को जीत दिलाने का काम करेंगे।
इस मौके पर जिला प्रवक्ता आनंद टुडू ने कहा कि विष्णु भैया के देहांत के बाद चमेली देवी काफी टूट गई थीं। विष्णु भैया वही विधायक थे, जिन्होंने दिशोम गुरु शिबू सोरेन के लिए अपना विधायक पद त्याग दिया था। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि पार्टी कार्यकर्ता उनके उस त्याग का मूल्य चुकाएं और चमेली देवी को नगर पंचायत अध्यक्ष बनाएं।
.jpg)
वरिष्ठ नेता रवींद्रनाथ दुबे ने कहा कि विधायक भले ही विष्णु भैया रहे हों, लेकिन राजनीति और चुनावी प्रबंधन का बेहतर अनुभव चमेली देवी के पास है। वह हमेशा सक्रिय राजनीति से जुड़ी रही हैं। निजी जीवन में अकेलेपन के बावजूद लोक सेवा की भावना आज भी उनके भीतर जीवित है। इसलिए पार्टी ने तय किया है कि उन्हें सिर्फ एक नेता के रूप में नहीं, बल्कि अपने घर की महिला, मां, भाभी और बहन मानकर नगर पंचायत अध्यक्ष के दायित्व से अलंकृत किया जाएगा।
.jpeg)
वहीं, चमेली देवी ने भावुक शब्दों में कहा कि विष्णु भैया के निधन के बाद उनके पास खोने के लिए कुछ भी नहीं बचा है। पिछले सात वर्षों में उन्होंने केवल खोया है, पाया कुछ नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि जामताड़ा नगर पंचायत एक व्यक्ति की पॉकेट बनकर रह गई है, जहां गली-मोहल्लों में भ्रष्टाचार पनप रहा है। उन्होंने कहा कि शहर को भय और भ्रष्टाचार से मुक्त कर जामताड़ा को एक आदर्श नगर पंचायत के रूप में स्थापित करना उनकी प्राथमिकता होगी। प्रेस वार्ता में देवाशीष मिश्रा, राजा नंदगोपाल सिंह, चंचल राय, राजीव माजी, रंजीत राउत, वकील सिंह, मना ठाकुर, लड्डू तिवारी, विजय राउत, हातीम अंसारी समेत बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद थे।
