logo

जामताड़ा : चित्तरंजन में क्रिकेट खेलने पर बवाल, RPF ने 5 युवकों को लिया हिरासत में

WhatsApp_Image_2026-05-13_at_3_04_00_PM.jpeg

​जामताड़ा 
चित्तरंजन के नॉर्थ मार्केट स्थित सुंदर पहाड़ी नॉर्थ अजंत्रिक क्रिकेट मैदान में बुधवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब क्रिकेट खेलने को लेकर एक रेल कर्मी और स्थानीय युवकों के बीच हिंसक नोकझोंक हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को हस्तक्षेप करना पड़ा और मिहिजाम के पांच युवकों को हिरासत में लेना पड़ा।विवाद की जड़: बार-बार क्वार्टर में जाती गेंद
सुंदर पहाड़ी नॉर्थ अजंत्रिक क्रिकेट मैदान (स्ट्रीट नंबर 63-64 के पास) वर्षों से युवाओं के लिए खेल का मुख्य केंद्र रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बुधवार सुबह मैच के दौरान गेंद बार-बार पास स्थित एक रेलवे आवास (क्वार्टर) के भीतर जा रही थी। उक्त आवास में चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना (CLW) के महाप्रबंधक (GM) के अधीनस्थ कार्यरत एक रेल कर्मी रहते हैं। बार-बार गेंद आने से रेल कर्मी का धैर्य जवाब दे गया और उन्होंने मैदान में खेल रहे युवकों को टोकना शुरू कर दिया।

​'बाहरी' शब्द पर भड़का आक्रोश
RPF सूत्रों के अनुसार, सामान्य बहस ने तब गंभीर रूप ले लिया जब रेल कर्मी ने नाराजगी में यह कह दिया कि "मिहिजाम और चित्तरंजन के बाहर के युवकों का यहां आकर खेलना अब बंद करवा दिया जाएगा।" इस 'बाहरी' वाली टिप्पणी ने आग में घी का काम किया। मैदान में मौजूद युवक आक्रोशित हो गए और उन्होंने पलटवार करते हुए कर्मी को नसीहत दे डाली कि "यदि उन्हें खेल के शोर और गेंद से इतनी ही परेशानी है, तो वे अपना सरकारी क्वार्टर ही बदल लें।
RPF की कार्रवाई और समझौता
​अपने ही परिसर में हुई इस तीखी बहस से आहत रेल कर्मी ने तुरंत RPF टाउन पोस्ट को फोन कर शिकायत दर्ज कराई। सूचना मिलते ही RPF की टीम मौके पर पहुंची और माहौल को बिगड़ता देख मिहिजाम के पांच युवकों को हिरासत में लेकर पोस्ट ले आई।
​ताजा स्थिति: RPF टाउन पोस्ट में दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर घंटों पूछताछ की गई। स्थानीय गणमान्य लोगों के हस्तक्षेप और आपसी समझ के बाद मामले को सुलह (Compromise) के आधार पर शांत कराया गया। RPF ने हिरासत में लिए गए युवकों को कड़ी हिदायत दी है कि भविष्य में खेल के दौरान अनुशासन बनाए रखें और पड़ोसियों की शांति भंग न करें। इस चेतावनी के बाद सभी युवकों को छोड़ दिया गया।
 

Tags - Jamtara News Chittaranjan Clash RPF Action Cricket Dispute Jharkhand News