logo

जामताड़ा में दबंगई की हद, रातों-रात 80 ट्रैक्टर मिट्टी डाल मुख्य मार्ग किया जाम, प्रशासन ने घंटों में कराया बहाल 

jam_road1.jpg

जामताड़ा 

जामताड़ा शहर के व्यस्ततम इलाके में जमीन हड़पने की नीयत से एक प्रमुख व्यवसायी द्वारा रातों-रात मुख्य सड़क को बाधित करने का एक मामला सामने आया है। मामला जामताड़ा टावर चौक से गर्ल्स स्कूल होते हुए न्यूटन टाउन जाने वाले मुख्य मार्ग का है, जहाँ एक रसूखदार व्यवसायी ने करीब 70 से 80 ट्रैक्टर मिट्टी डंप करवाकर आधे रास्ते को ब्लॉक कर दिया। सुबह होते ही जब स्थानीय लोगों की नज़र इसपर पड़ी तो पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिले के वरीय अधिकारियों को तुरंत इसकी शिकायत की गई। इधर, सूचना मिलते ही जिला प्रशासन तुरंत हरकत में आया और आनन-फानन में भारी पुलिस बल के साथ आला अधिकारी मौके पर पहुँचे।

जमीन हड़पने की सोची-समझी साजिश

अतिक्रमण और सड़क जाम की सूचना पर जामताड़ा के अंचलाधिकारी (CO) अवेश्वर मुर्मू, नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेल और जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो दलबल के साथ मौके पर पहुँचे। अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जेसीबी मशीनें मंगवाईं और सड़क पर अवैध रूप से गिराई गई मिट्टी को हटाने का काम युद्ध स्तर पर शुरू कराया। कई घंटों की मशक्कत के बाद सड़क को दोबारा आम जनता के आवागमन के लिए पूरी तरह बहाल किया जा सका। विभागीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, इस पूरे कृत्य के पीछे जमीन हड़पने की सोची-समझी साजिश थी।

दुस्साहस को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश

मामले की पुष्टि करते हुए नगर पंचायत की कार्यपालक पदाधिकारी सोमा खंडेल ने बताया कि हमें शिकायत मिली थी कि 'मोहनी स्टोर्स' के संचालक द्वारा गर्ल्स स्कूल वाले मार्ग पर अवैध रूप से भारी मात्रा में मिट्टी गिराकर मुख्य रास्ते को पूरी तरह बाधित कर दिया गया है। इससे आम जनता और स्कूली बच्चियों के आवागमन में भारी परेशानी हो रही थी। टीम ने तुरंत मौके पर पहुँचकर मिट्टी हटाने का कार्य पूरा किया है। सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने और आम रास्ता रोकने के आरोप में संबंधित संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इस त्वरित प्रशासनिक कार्रवाई से स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने राहत की सांस ली है। वहीं, शहर के बीचों-बीच इस तरह के दुस्साहस को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश भी है और वे आरोपी व्यवसायी के खिलाफ सख्त से सख्त सजा की माँग कर रहे हैं।

Tags - Illegal Encroachment Main Road Blocked District Administration Municipal Council