logo

जामताड़ा में मवेशी चोरी कर भाग रही बोलेरो पलटी, 2 युवकों व 3 बैलों की मौत

जामताड़ा में मवेशी चोरी कर भाग रही बोलेरो पलटी, 2 युवकों व 3 बैलों की मौत

जामताड़ा:
करमाटांड़ थाना क्षेत्र के करमाटांड़-मदनकट्टा मार्ग पर शहरजोरी के पास देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मवेशी चोरी कर भाग रही एक अनियंत्रित बोलेरो के पलटने से वाहन में सवार दो युवकों की मौत हो गई। हादसे में वाहन में लदे पांच मवेशियों में से तीन बैलों की भी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मवेशी गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस गश्त की बत्ती देखते ही घबराकर मोड़ी गाड़ी
मिली जानकारी के अनुसार, घटना देर रात करीब 2 बजे की है। करमाटांड़ थाना प्रभारी अलकनाथ चौबे ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि रात में पुलिस की टीम इलाके में नियमित गश्त पर थी। पुलिस वाहन की बत्ती देखते ही बोलेरो चालक घबरा गया और गाड़ी को तेज रफ्तार में पीछे मोड़ने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान तेज रफ्तार बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क के बीचों-बीच पलट गई। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहन से दोनों घायलों को बाहर निकाला गया और तत्काल सदर अस्पताल, जामताड़ा ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

नारायणपुर के चिरुडीह के रहने वाले थे मृतक
हादसे में जान गंवाने वाले दोनों व्यक्तियों की पहचान नारायणपुर थाना क्षेत्र के चिरुडीह गांव निवासी अशरफ अंसारी (35) और रफीक अंसारी (40) के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार, दोनों पहले लकड़ी काटने का काम करते थे। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अशरफ अंसारी अपने पीछे चार बच्चे (दो बेटे और दो बेटियां) छोड़ गए हैं। परिजनों के अनुसार, उनकी एक बेटी की शादी अगले वर्ष तय थी।

बिंदापाथर क्षेत्र से चोरी किए गए थे मवेशी
थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों जामताड़ा जिले के बिंदापाथर थाना क्षेत्र के चिहुटिया और गैरया गांव से मवेशियों की चोरी कर भाग रहे थे। मवेशी मालिकों को घटना की जानकारी मिलने के बाद वे प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए संबंधित थाने पहुंच चुके हैं। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले की जांच की जा रही है।

Tags - Jamtara News Karmatand Road Accident Cattle Theft Ashraf Ansari Jharkhand Crime