logo

जामताड़ा में कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार

ेपद2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले के बिन्दापाथर थाना क्षेत्र में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक घटना टल गई। पुरानी रंजिश को लेकर बेलियापुर फुटबॉल मैदान में एक युवक को देसी कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का देसी कट्टा भी बरामद किया गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।


फुटबॉल मैदान में घेरकर दी गई थी जान से मारने की धमकी
पुलिस के अनुसार 18 जून 2026 को मुड़ाबहाल गांव निवासी 20 वर्षीय उज्जवल पंडित ने बिन्दापाथर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उसने बताया कि बरदेही गांव निवासी परितोष गोराई, रवि महतो और उनके कुछ अन्य साथियों ने पुरानी रंजिश को लेकर बेलियापुर फुटबॉल मैदान में उसे घेर लिया। आरोपियों ने पहले गाली-गलौज की और फिर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित का आरोप है कि इसी दौरान रवि महतो ने अपनी कमर से देसी कट्टा निकालकर उस पर तान दिया, जिससे वह भयभीत हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल सनहा संख्या 15/2026 दर्ज कर इसकी सूचना वरीय अधिकारियों को दी।


एसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम, झाड़ियों से बरामद हुआ कट्टा
हथियार के प्रदर्शन और धमकी से जुड़े इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जामताड़ा पुलिस अधीक्षक ने तत्काल कार्रवाई का निर्देश दिया। इसके बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) नाला के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित छापेमारी कर आरोपी रवि महतो को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया और इस घटना में परितोष गोराई सहित अन्य साथियों की संलिप्तता की जानकारी दी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने सालपतरा के पास सड़क किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखा गया अवैध लोहे का देसी कट्टा बरामद कर जब्त कर लिया।


आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज, दोनों आरोपी भेजे गए जेल
पुलिस ने मामले में मुख्य आरोपी रवि महतो (19 वर्ष) और परितोष गोराई (18 वर्ष), दोनों निवासी बरदेही, को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ बिन्दापाथर थाना कांड संख्या 30/2026 के तहत 25(1-b)a/26 आर्म्स एक्ट तथा 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में अनुज कुमार, जितेन्द्र कुमार, हवलदार कैलाश चन्द्र शाह, आरक्षी विनय मुर्मू और चालक हवलदार पंकज कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की है।

 

Tags - Jamtara News Crime News Jharkhand Police Arms Act Local News