जामताड़ा
जामताड़ा जिले के कर्माटांड़ थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर सुरक्षा-व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। ताजा मामला सोमवार का है, जहां कलझरिया मोड़ के पास से एक लाल रंग की बाइक चोरी हो गई। चोरी की घटना CCTV कैमरे में कैद हुई है। CCTV फुटेज में एक युवक लाल रंग की बाइक लेकर जाते हुए दिखाई दे रहा है। युवक ने काले रंग की शर्ट और पैंट पहन रखी है। चोरी से जुड़ी एक तस्वीर भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी को लेकर स्थानीय लोगों में पुलिस गश्ती को लेकर चर्चाएं हो रही हैं। लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता देखी जा रही है। हालांकि, खबर लिखे जाने तक मोटरसाइकिल चोरी के संबंध में कर्माटांड़ थाना में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस द्वारा CCTV फुटेज के आधार पर मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई किए जाने की उम्मीद है।
