logo

जामताड़ा में 2 बाइक की टक्कर में 26 वर्षीय युवक की मौत, 3 लोग गंभीर रूप से घायल

IMG-20260821-WA0002.jpg

जामताड़ा
जामताड़ा-मिहिजाम मुख्य मार्ग पर बेवा फाटक के समीप गुरुवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया।
इलाज के दौरान उत्पल मंडल ने तोड़ा दम
मृतक की पहचान मिहिजाम थाना क्षेत्र के गौराईनाला गांव निवासी उत्पल मंडल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, उत्पल बाइक से जामताड़ा से अपने घर लौट रहे थे। बेवा फाटक के पास सामने से आ रही दूसरी मोटरसाइकिल से उनकी सीधी टक्कर हो गई। हादसे में उनके सिर और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। सदर अस्पताल में चिकित्सक डॉ. अताउल ने प्राथमिक उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उत्पल ने दम तोड़ दिया।
परिवार का मुख्य कमाऊ सदस्य था उत्पल
परिजनों के अनुसार, उत्पल परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने के लिए रात में नाइट गार्ड की नौकरी करते थे और दिन में फेरी लगाकर सामान बेचते थे। वह परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल
दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार बिंदापाथर थाना क्षेत्र के भुगीकाटा निवासी सुधीर सिंह और करमाटांड़ थाना क्षेत्र के बनकटी निवासी कपिल राय भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों के सिर में गहरी चोटें आई हैं। एक अन्य व्यक्ति भी दुर्घटना में घायल हुआ है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर करने की सलाह दी, लेकिन परिजनों की सहमति से फिलहाल सदर अस्पताल में ही इलाज जारी है।
पुलिस ने दोनों बाइक जब्त कर शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना के सब इंस्पेक्टर अलीत सागर करकेटा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को जब्त कर लिया है और मामले की आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है।
 

Tags - Jamtara News Jamtara Road Accident Bike Accident Jharkhand News Mihijam Accident