logo

जामताड़ा में Cashback और APK फाइल के नाम पर ठगी करने वाले 5 साइबर अपराधी गिरफ्तार

जामताड़ा में Cashback और APK फाइल के नाम पर ठगी करने वाले 5 साइबर अपराधी गिरफ्तार

जामताड़ा: 
जामताड़ा पुलिस ने जिले में साइबर अपराधियों के खिलाफ अपनी मुहिम को और तेज करते हुए एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने नारायणपुर और कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के मटटांड़ क्षेत्रों के विभिन्न संदिग्ध ठिकानों पर त्वरित छापेमारी कर साइबर ठगी के धंधे में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शंभु कुमार सिंह को मिली सटीक गुप्त सूचना के आधार पर अंजाम दी गई। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान जामताड़ा एसपी ने इस सफल ऑपरेशन का ब्योरा साझा किया। उन्होंने बताया कि साइबर अपराध थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसमें एसआई नितिश कुमार, एसआई कृष्ण कुमार और एएसआई हीरालाल महतो शामिल थे। 

जंगलों और आम के बागानों में हुई छापेमारी
पुलिस टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के जोरिया स्थित जंगल तथा मुचियाडीह क्रेशर के पीछे और कर्माटांड थाना क्षेत्र के मट्टोडीह गांव स्थित तालाब के पास आम के बागान में घेराबंदी कर छापेमारी की। मौके से तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि उनकी निशानदेही पर दो अन्य सहयोगियों को बाद में दबोच लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की सूची
तसलीम अंसारी (20 वर्ष), पिता मुस्तकिम अंसारी, निवासी: बिरहुडीह, नारायणपुर
मनाजीर अंसारी (21 वर्ष), पिता नेजाम अंसारी, निवासी: बिरहुडीह, नारायणपुर
अब्दुल लतीफ (27 वर्ष), पिता एवारी मियां, निवासी: बाकुडीह, नारायणपुर
उसमान गनी (25 वर्ष), पिता सखावत अंसारी, निवासी: अलगबुजा, कर्माटांड
जितेन्द्र मंडल (43 वर्ष), पिता: विश्वेश्वर मंडल, निवासी: मट्टोडीह, कर्माटांड

बरामदगी और कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के पास से 11 एंड्रॉइड मोबाइल फोन और 13 अवैध सिम कार्ड जब्त किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS 2023), आईटी एक्ट तथा टेलीकम्युनिकेशन एक्ट 2023 की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेजा जा रहा है।

ठगी का अनोखा तरीका, एपीके फाइल और कैशबैक का जाल
एसपी ने बताया कि आरोपी दो प्रमुख तरीकों से लोगों को अपना शिकार बनाते थे। पीड़ितों को "999 रुपये का कैशबैक" जैसे लुभावने मैसेज भेजकर बटन दबाने के लिए प्रेरित करते थे। जैसे ही पीड़ित इसे स्वीकार करता, एक फर्जी ऐप के जरिए उसके खाते से पैसे साफ कर दिए जाते थे। स्टेट बैंक या अन्य प्रमुख बैंकों के क्रेडिट कार्ड बंद होने का डर दिखाकर नया कार्ड चालू कराने के नाम पर पीड़ितों के फोन में फर्जी एपीके फाइल डाउनलोड करवाते थे और उनकी गोपनीय जानकारी चुरा लेते थे। 

2026 में जामताड़ा पुलिस का रिपोर्ट कार्ड
जनवरी 2026 से 11 सितंबर 2026 तक जामताड़ा पुलिस ने कुल 122 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। इस अवधि में 304 मोबाइल, 370 सिम कार्ड, 22 एटीएम कार्ड, 7 पासबुक, 3 लैपटॉप, 8 पहचान दस्तावेज, 3 पैन कार्ड, 11 मोटरसाइकिलें और 14,00,700 रुपये नकद बरामद किए गए हैं।
 

Tags - Jamtara News Cyber Crime Jamtara Cyber Police APK Scam Jharkhand Crime