द फॉलोअप डेस्क:
जमशेदपुर में अवैध महुआ शराब की बड़ी खेप पकड़ी गई है। XUV की डिक्की में छिपाकर 330 लीटर महुआ शराब सिदगोड़ा पहुंचाने की तैयारी थी, लेकिन उससे पहले ही बागबेड़ा पुलिस ने शराब की खेप पकड़ ली। पुलिस ने मौके से दो लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि पूछताछ के बाद इस सप्लाई नेटवर्क से जुड़े कुछ और लोगों के नाम सामने आए हैं। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक XUV कार से बड़ी मात्रा में अवैध महुआ शराब ले जाई जा रही है। सूचना मिलने के बाद बागबेड़ा पुलिस ने जगन्नाथपुर जेल मोड़ के पास वाहनों की जांच शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध XUV को रोककर उसकी तलाशी ली।

पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में लेकर पूछताछ की
तलाशी के दौरान कार की डिक्की से 330 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने शराब जब्त कर ली और XUV में सवार दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिदगोड़ा ग्वाला बस्ती निवासी विकास विशाल उर्फ छोटू और धीरेन तांती के रूप में हुई है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पूछताछ में पुलिस को पता चला कि बरामद शराब को सिदगोड़ा इलाके में पहुंचाया जाना था। इसके बाद पुलिस ने शराब कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी जांच शुरू कर दी।
.jpeg)
पुलिस की चपेमारी लगातार जारी है
जांच के दौरान कुछ और लोगों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस ने उन्हें भी प्राथमिकी में आरोपी बनाया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर सुमित कुमार के मुताबिक, मामले में राजू मार्डी के अलावा उस XUV कार के मालिक को भी आरोपी बनाया गया है, जिससे शराब लाए जाने की जानकारी सामने आई है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में महुआ शराब आखिर कहां से मंगाई गई थी और जमशेदपुर में इसकी सप्लाई किस नेटवर्क के जरिए की जानी थी।