logo

झारखंड में अफगानी नागरिक बने मतदाता! SIR में हुआ 3 नामों का खुलासा

झारखंड में अफगानी नागरिक बने मतदाता! SIR में हुआ 3 नामों का खुलासा

रांची: 
झारखंड में चल रहे मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची की जांच में ऐसा मामला सामने आया है, जिसने निर्वाचन व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र की प्रारूप मतदाता सूची में अफगानिस्तान के तीन नागरिकों के नाम मतदाता के रूप में दर्ज पाए गए हैं। दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान जब इन लोगों से भारतीय नागरिकता से जुड़े कागजात मांगे गए और पासपोर्ट की जांच हुई, तो इनके अफगानिस्तानी नागरिक होने का खुलासा हुआ। निर्वाचन विभाग ने तीनों के नाम मतदाता सूची से हटाने की प्रक्रिया पूरी कर ली है और अब इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है। 

आसिल खान, असलम और इब्राहिम के नाम वोटर लिस्ट में दर्ज
जिला निर्वाचन पदाधिकारी, जमशेदपुर की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में आसिल खान, मो. असलम और मो. इब्राहिम के नाम मतदाता सूची में दर्ज मिले। तीनों के नाम मतदान केंद्र संख्या (पार्ट) 286 में क्रमशः सीरियल नंबर 30, 31 और 33 पर दर्ज थे।

नोटिस के बाद दस्तावेज सत्यापन में खुला राज
जानकारी के अनुसार, तीनों व्यक्तियों के नाम पहले से ही मतदाता सूची में थे। एसआईआर के तहत इन्होंने एन्यूमरेशन की प्रक्रिया भी पूरी की थी और उनके नाम प्रारूप मतदाता सूची में प्रकाशित हो गए थे। हालांकि, दस्तावेजों के सत्यापन के दौरान रिकॉर्ड में मिसमैच सामने आने पर तीनों को नोटिस जारी किया गया और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया।

पासपोर्ट जांच में अफगानिस्तान के नागरिक होने की पुष्टि
नोटिस जारी होने के बावजूद तीनों की ओर से मांगे गए दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए जा सके। इसके बाद उनके पासपोर्ट की जांच की गई। जांच में सामने आया कि तीनों अफगानिस्तान के नागरिक हैं। इसके बाद निर्वाचन विभाग ने विदेशी नागरिक होने के आधार पर उनके नाम मतदाता सूची से हटाने की कार्रवाई की।

डीसी और एसएसपी को कार्रवाई के निर्देश
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से तीनों के नाम मतदाता सूची से हटाने के साथ ही मामले में कानूनी कार्रवाई के लिए जमशेदपुर के उपायुक्त और एसएसपी को निर्देश दिया जा रहा है। पूरे मामले की जांच कर यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि इन विदेशी नागरिकों के नाम भारतीय मतदाता सूची में कैसे दर्ज हुए।

कितने और विदेशी बने मतदाता, इसकी भी होगी जांच
मामला सामने आने के बाद निर्वाचन विभाग अब इस बात की भी जांच करेगा कि क्या राज्य में अन्य विदेशी नागरिकों के नाम भी मतदाता सूची में दर्ज हैं। इसके अलावा तीनों अफगान नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराने में किसी व्यक्ति या गिरोह की भूमिका थी या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जाएगी। जांच के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि तीन विदेशी नागरिकों की पहचान की गई है और उनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। मामले में आगे की जांच और कार्रवाई के लिए संबंधित जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को लिखा जा रहा है।

Tags - Jharkhand SIR Jamshedpur Voter List Afghan Citizens Voter List Verification Jharkhand Election News