जमशेदपुर:
एमजीएम थाना क्षेत्र की तुरियाबेड़ा नेपाली बस्ती में गणेश पूजा विसर्जन के दौरान हुआ विवाद दूसरे दिन हिंसक झड़प में बदल गया। शनिवार शाम 30-40 युवकों के बस्ती में पहुंचने के बाद मारपीट और पथराव की घटना हुई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि युवकों ने लाठी-डंडे, पत्थर, बेलचा और धारदार हथियार से रास्ते में मिले लोगों पर हमला किया। घटना में दोनों पक्षों के करीब 10 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है।

शुक्रवार को विसर्जन के दौरान हुआ था विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार को गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान ऊपर टोला के सुशील नामक युवक के साथ कहासुनी हुई थी। शनिवार सुबह स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से विवाद शांत करा दिया गया था। हालांकि, आरोप है कि शनिवार शाम सुशील 30-40 युवकों के साथ नीचे बस्ती पहुंचा और लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
.jpeg)
मारपीट और पथराव में कई लोग घायल
हमले में राहुल कर, छोटू रजक, आकाश कुमार, मुन्ना थापा, कालिया पात्रो और विश्वेश्वर राजवंशी समेत कई लोग घायल हुए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हमलावरों ने बस्ती में जमकर पथराव किया, जिससे कई मकानों की खिड़कियों के शीशे टूट गए। घटना के दौरान बस्ती में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
.jpeg)
बस्ती के लोगों ने हमलावरों को खदेड़ा
हमले के बाद बस्ती के लोग भी एकजुट हो गए और उन्होंने हमलावरों को खदेड़ दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस की पीसीआर वैन मौके पर पहुंची। पुलिस ने कुछ घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा। वहीं, गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को उनके परिजन टीएमएच और ब्रह्मानंद अस्पताल लेकर गए।'
.jpeg)
घटना के बाद बस्ती में तनाव, पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
हिंसक झड़प के बाद तुरियाबेड़ा नेपाली बस्ती में तनाव का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।