जमशेदपुर
जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरमा गांव के पास एनएच-33 स्थित चांदनी चौक पर मंगलवार को सड़क हादसे में एक ट्रक चालक की मौत हो गयी। मृतक की पहचान लगभग 52 वर्षीय विनेश यादव के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार विनेश यादव मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद के रहने वाले थे और वर्तमान में परिवार के साथ घाटशिला में रहते थे। वे पेशे से ट्रक चालक थे। बताया गया कि वह टाटानगर से माल लेकर घाटशिला गए थे और माल खाली करने के बाद वापस लौट रहे थे।
.jpg)
तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लौटने के दौरान उन्होंने गुरमा के पास सड़क किनारे ट्रक खड़ा किया और खाना खाने के लिए लाइन होटल की ओर जाने लगे। इसी दौरान सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद विनेश यादव गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर पड़े रहे। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे में शामिल अज्ञात वाहन की पहचान की जा सके। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
