logo

जमशेदपुर से 3 स्कूली बच्चे लापता, रविवार सुबह से नहीं लौटे घर, तलाश में जुटी पुलिस

जमशेदपुर से 3 स्कूली बच्चे लापता, रविवार सुबह से नहीं लौटे घर, तलाश में जुटी पुलिस

जमशेदपुर
परसुडीह थाना क्षेत्र के बारीगोड़ा देवगाम टोला से रविवार सुबह से लापता तीन स्कूली बच्चों का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। घर से अलग-अलग बहाने बनाकर निकले ये बच्चे जब देर रात तक वापस नहीं लौटे, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। आनन-फानन में मामले की शिकायत परसुडीह पुलिस से की गई, जिसके बाद पुलिस टाटानगर रेलवे स्टेशन के CCTV फुटेज खंगालने के साथ-साथ हुलिए के आधार पर बच्चों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।तीन घर, तीन वजह… लेकिन मंजिल एक?
परिजनों के अनुसार, तीनों बच्चे रविवार सुबह करीब 10 बजे घर से निकले थे। गौरव ने घर पर कहा था कि स्कूल खुलने वाला है, इसलिए वह कॉपी लेने बाजार जा रहा है। अभिराज अपने साथ बैग और क्रिकेट बैट लेकर निकला था; उसने बताया था कि वह दोस्तों के साथ खेलने जा रहा है। वहीं, कार्तिक भी क्रिकेट खेलने की बात कहकर घर से बाहर गया था। जब देर शाम तक तीनों में से कोई भी घर नहीं लौटा, तो परिजनों ने पहले आसपास के इलाकों में बच्चों की तलाश शुरू की। कोई जानकारी नहीं मिलने पर परसुडीह थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई। लापता बच्चों में 9 वर्षीय गौरव कुमार, 14 वर्षीय अभिराज कुमार और 14 वर्षीय कार्तिक कुमार शामिल हैं। इनमें गौरव और कार्तिक राहड़गोड़ा स्थित AVMP हाईस्कूल में क्रमशः पांचवीं और नौवीं कक्षा के छात्र हैं, जबकि अभिराज राहड़गोड़ा स्थित सेंट मैरी स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ता है।
रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी खंगाल रही टीम
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बच्चों की तस्वीरें आसपास के सभी थानों में साझा कर दी हैं। साथ ही टाटानगर रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि बच्चों की गतिविधियों और उनके संभावित मूवमेंट का पता लगाया जा सके। परिजनों का कहना है कि बच्चों के अचानक गायब होने से पूरा परिवार बेहद परेशान है और हर संभव जगह पर उनकी तलाश की जा रही है। इस मामले में पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को भी इन बच्चों के बारे में कोई जानकारी मिले, तो तुरंत नजदीकी थाने या उनके परिजनों को सूचित करें।


 

Tags - Jamshedpur Missing Children Parsudih Police Tatanagar Railway Station Crime News