logo

जमशेदपुर में रंगदारी का विरोध पड़ा भारी, जेमेटो कर्मचारी पर चापड़ से जानलेवा हमला

chapad_attack.jpg

जमशेदपुर
जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र स्थित ग्वाला बस्ती में रंगदारी का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। रंगदारी देने से इनकार करने पर बदमाशों ने बस्ती के 25 वर्षीय ज़ेमेटों कर्मचारी प्रियांशु गुप्ता पर चापड़ से हमला कर उसे जख्मी कर दिया। इतना ही नहीं, पिस्तौल दिखाकर उसे जान से मारने तक की धमकी भी दी गयी। मामले को लेकर घायल प्रियांशु गुप्ता ने रवीन्द्र ठाकुर के खिलाफ टेल्को थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी है। शिकायत में उसने खुद के साथ-साथ परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जतायी है। प्रियांशु के अनुसार, सोमवार की शाम करीब 6:30 बजे ग्वाला बस्ती चौक पर रवीन्द्र ठाकुर ने उसे रास्ते में रोककर पांच हजार रुपये रंगदारी की मांग की। रुपये देने से इनकार करने पर कथित तौर पर उसे जान से मारने की धमकी दी गयी। प्रियांशु का आरोप है कि रात करीब 9 बजे वह एमजीएम अस्पताल जा रहा था। इसी दौरान डिमना चौक के पास रवीन्द्र ठाकुर ने उसे दोबारा रोक लिया।

पिस्तौल निकालकर जान से मारने की धमकी

आरोप है कि उसने चापड़ से प्रियांशु पर जानलेवा हमला किया और फिर पिस्तौल निकालकर जान से मारने की धमकी दी। पिस्तौल देखकर प्रियांशु डर गया।शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया है कि रवीन्द्र ठाकुर करीब तीन दिन पहले ही फायरिंग के एक मामले में जेल से बाहर आया है। उसने आरोपी पर इलाके में गुंडागर्दी और कथित तौर पर अवैध हफ्ता वसूली करने का भी आरोप लगाया है। पुलिस शिकायत में लगाये गये सभी आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। प्रियांशु के अनुसार, रवीन्द्र ठाकुर पहले भी उसे धमकाकर रंगदारी के रूप में 200 से 500 तक रुपये लेता था। सोमवार को उसने 5 हजार रुपये की बड़ी रकम की मांग की। रुपये देने से इनकार करने पर उसपर चापड़ से हमला किया गया। हमले के बाद प्रियांशु बिना इलाज कराये टेल्को थाना पहुंचा और शिकायत दर्ज करायी। पुलिस शिकायत के आधार पर जांच कर रही है।

Tags - Jamshedpur Police Extortion Demand Zomato Employee Attack