logo

जमशेदपुर में बंद मकान को चोरों ने बनाया निशाना, नकदी और सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार

jam_CHORI4.jpg

जमशेदपुर 

जमशेदपुर के टेल्को थाना क्षेत्र में एक बंद पड़े मकान को चोरों ने अपना निशाना बनाया और घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नगदी ले उड़े। घटना एल-4 रोड नंबर 11 में घटी है। दरअसल, मकान के मालिक अपने इलाज के लिए परिवार के साथ वेल्लोर गये हैं। इसी दौरान बंद घर का फायदा उठाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया। शुक्रवार, यानि रक्षाबंधन की देर रात चोर ताला तोड़कर घर के अंदर घुसे और दो अलमारियों के लॉक तोड़कर करीब 30 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण समेत अन्य सामान लेकर फरार हो गये। शनिवार सुबह परिवार के सदस्य घर पहुंचे तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। इस संबंध में अरविंद साहू ने बताया कि उनके भाई इलाज कराने के लिए वेल्लोर गये हुए हैं। परिवार के बाहर होने के कारण मकान बंद था।

फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया

शनिवार सुबह घर पहुंचने पर मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाने पर दो अलमारियों के लॉक भी टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर नकदी और आभूषण समेत कई सामान गायब मिले। चोरी की जानकारी मिलने के बाद परिवार ने टेल्को पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच की। इसके बाद आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गयी। पुलिस को फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया है, जिसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, परिवार के सदस्य फिलहाल चोरी हुए सामानों की सूची तैयार कर रहे हैं। इसके बाद चोरी हुए जेवरात और अन्य सामान की कुल कीमत स्पष्ट होगी।

Tags - Jamshedpur Police Closed House Theft Theft Case Police Investigation