जमशेदपुर
जमशेदपुर के टाटानगर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को एक बार फिर हाईटेंशन तार की चपेट में आने से बड़ा हादसा होते-होते बच गया। स्टेशन पर खड़ी टाटा-दानापुर एक्सप्रेस की छत पर चढ़ा करीब 30 वर्षीय युवक सागू राम ऊपर से गुजर रहे ओवरहेड बिजली तार के संपर्क में आ गया। करंट लगने के बाद वह ट्रेन से नीचे गिर पड़ा। गंभीर रूप से घायल युवक को यात्रियों और रेलकर्मियों की मदद से तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर बतायी जा रही है।
ट्रेन की छत पर चढ़कर दूसरे छोर जाने की कर रहा था कोशिश
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ट्रेन की छत पर चढ़कर एक छोर से दूसरे छोर तक जाने की बात कह रहा था। इस दौरान प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों ने उसे रोकने की कोशिश भी की, लेकिन इसी दौरान वह हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। तेज झटके के साथ वह नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गयी। सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।
मई में भी मालगाड़ी की छत पर चढ़ा था युवक
गौरतलब है कि टाटानगर स्टेशन पर ट्रेन की छत पर चढ़ने के दौरान हाईटेंशन तार की चपेट में आने की घटनाएं पहले भी हो चुकी हैं। मई 2026 में टाटानगर स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-3 पर मालगाड़ी के ऊपर चढ़ा एक युवक हाईटेंशन तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया था।
2019 में सेल्फी के दौरान हुआ था बड़ा हादसा
वहीं, वर्ष 2019 में टाटानगर के पास सालगाझड़ी इलाके में ट्रेन की छत पर सेल्फी लेने के दौरान दो युवक हाईटेंशन तार की चपेट में आ गए थे। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई थी, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हुआ था।
लगातार घटनाओं के बावजूद नहीं थम रही लापरवाही
ऐसे में लगातार हो रही इन घटनाओं के बाद भी रेलवे परिसर में ट्रेनों की छत पर चढ़ने की कोशिश सुरक्षा व्यवस्था के लिए चुनौती बनी हुई है। रेलवे की ओर से यात्रियों को बार-बार चेतावनी दी जाती रही है कि ओवरहेड वायर बेहद खतरनाक होते हैं और ट्रेन की छत पर चढ़ना जानलेवा साबित हो सकता है।