logo

जमशेदपुर कोर्ट के पास हुए अपहरण का खुलासा, आपसी रंजिश में सुशील डे को अगवा करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

HBAGH00018.jpg

जमशेदपुर

जमशेदपुर कोर्ट परिसर के पास से अपहृत सुशील डे को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने उसे उलीडीह थाना क्षेत्र से बरामद किया। इस मामले में पुलिस ने अपहरण में इस्तेमाल किये गये थार गाड़ी संख्या जेएच05डीए-4721 को भी जब्त किया है।  शनिवार शाम सिटी एसपी ललित कुमार मीणा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि आपसी रंजिश को लेकर सुशील डे का अपहरण किया गया था। मामले में सोनारी ग्वालाबस्ती निवासी कृष्णा यादव उर्फ दबंग और गोलमुरी सिंधी रिफ्यूजी कॉलोनी निवासी मोनी महंती उर्फ चित्तरंजन मोहंती को गिरफ्तार किया गया है। सिटी एसपी ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने बताया कि 15 जुलाई की शाम जमशेदपुर कोर्ट के पास से सुशील डे का अपहरण किया गया था। इसके बाद सीतारामडेरा थाना में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।

मोनी पर दर्ज हैं 12 मामले

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मोनी महंती का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ शहर के अलग-अलग थानों में कुल 12 मामले दर्ज हैं। इनमें मानगो, गोलमुरी, सीतारामडेरा और उलीडीह थाना में आर्म्स एक्ट, धोखाधड़ी, रंगदारी, चोरी और हत्या के प्रयास जैसे मामले शामिल हैं। वहीं, दूसरे गिरफ्तार आरोपी कृष्णा यादव उर्फ दबंग का कोई आपराधिक इतिहास नहीं मिला है। पुलिस अब अपहरण की पूरी साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

Tags - Jamshedpur Sushil De Kidnapping Case Jharkhand Police Crime News