जमशेदपुर:
जमशेदपुर में हाल में हुई आपराधिक घटनाओं के बीच शहर की सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण का जायजा लेने के लिए एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारीब रविवार शाम खुद सड़क पर उतरे। हेलमेट पहनकर बाइक की ड्राइविंग सीट पर सवार एसएसपी ने पुलिस बल के साथ शहर के विभिन्न इलाकों में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान डीएसपी ट्रैफिक, डीएसपी सीसीआर समेत टाइगर मोबाइल और पीसीआर के जवान भी उनके साथ रहे।
.jpeg)
सीसीआर से शुरू हुआ फ्लैग मार्च
फ्लैग मार्च साकची सीसीआर परिसर से शुरू होकर पुराना कोर्ट मोड़, मरीन ड्राइव गोलचक्कर, बिंदल मॉल होते हुए कदमा के रंकिणी मंदिर पहुंचा। यहां एसएसपी कुछ देर रुके और मौके पर मौजूद लोगों से बातचीत कर शहर की स्थिति की जानकारी ली।इसके बाद फ्लैग मार्च सोनारी, जुबिली पार्क, मानगो गोलचक्कर, पारडीह चौक, डिमना चौक और डिमना रोड होते हुए भुइयांडीह बस स्टैंड पहुंचा। वहां से बर्निंग घाट, भुइयांडीह लिली चौक, एग्रिको, गोलमुरी, आरडी टाटा गोलचक्कर होते हुए बर्मामाइंस, स्टेशन, करनडीह, परसुडीह, जुगसलाई और गोपाल मैदान होते हुए बिष्टुपुर पहुंचा। इसके बाद फ्लैग मार्च पुनः सीसीआर परिसर पहुंचकर समाप्त हुआ।
.jpeg)
दुकानदारों और राहगीरों से लिया फीडबैक
फ्लैग मार्च के दौरान एसएसपी ने कई व्यस्त चौक-चौराहों और बाजारों में अपनी बाइक रोककर स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों से बातचीत की। उन्होंने स्थानीय समस्याओं, रात में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्ती की सक्रियता को लेकर लोगों से फीडबैक लिया। एसएसपी ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आम जनता बेफिक्र होकर अपना कारोबार करे। यदि किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है तो तत्काल पुलिस को इसकी जानकारी दें। पुलिस जनता की सेवा और सुरक्षा के लिए तत्पर है। उन्होंने कहा कि अड्डेबाजी और आपराधिक तत्वों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।
.jpeg)
साकची-जुबिली पार्क रोड पर लगा जाम
रविवार होने के कारण साकची बाजार और जुबिली पार्क के आसपास आम दिनों की अपेक्षा काफी भीड़ थी। इसी दौरान बड़ी संख्या में पुलिस वाहनों के एक साथ गुजरने से यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। साकची गोलचक्कर से जुबिली पार्क मुख्य गेट और मानगो की ओर जाने वाली सड़कों पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इसके बाद मौके पर मौजूद ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को यातायात व्यवस्था सामान्य कराने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।