जमशेदपुर:
जमशेदपुर शहर में बढ़ते अपराध और हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद पुलिस महकमे में बड़ा फेरबदल किया गया है। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने ट्रैफिक शाखा में तैनात 43 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला करते हुए उन्हें जिले के विभिन्न थानों, क्राइम कंट्रोल रूम (सीसीआर) और पुलिस केंद्र में पदस्थापित किया है। इसके साथ ही सभी ट्रैफिक थानों से 5-5 सिपाहियों को भी विभिन्न थानों में प्रतिनियुक्त किया गया है। पुलिस मुख्यालय से जारी आदेश के अनुसार स्थानांतरित सभी पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल नये पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है। इनमें कई ऐसे अधिकारी भी शामिल हैं, जो लंबे समय से ट्रैफिक शाखा में कार्यरत थे।

थाना स्तर पर पुलिस बल बढ़ाने की आवश्यक्ता
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हाल के दिनों में शहर में बढ़ी आपराधिक घटनाओं को देखते हुए थाना स्तर पर पुलिस बल की उपलब्धता बढ़ाने की आवश्यकता महसूस की जा रही थी। इसी उद्देश्य से ट्रैफिक शाखा से अधिकारियों और जवानों को थानों तथा सीसीआर में भेजा गया है, ताकि गश्ती, त्वरित कार्रवाई और अपराध नियंत्रण को अधिक प्रभावी बनाया जा सके।

जमशेदपुर में बढ़ी पुलिस की सक्रियता
गौरतलब है कि हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद शहर में पुलिस की सक्रियता बढ़ी है। रात्रि गश्त, वाहन जांच और अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे में थानों में अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराने के लिए यह तबादला महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, ट्रैफिक शाखा से बड़ी संख्या में अधिकारियों के स्थानांतरण के बाद यातायात व्यवस्था पर भी इसका असर पड़ने की संभावना जताई जा रही है।

प्रमुख स्थानांतरण
* पुअनि कामाख्या पासवान : यातायात थाना साकची से टेल्को थाना
* पुअनि रमेश कुमार पांडेय : यातायात थाना साकची से कागलपुर थाना
* पुअनि अरविंद राय : यातायात थाना बिष्टुपुर से घाटशिला थाना
* पुअनि चेंगो राम पिंगुआ : यातायात थाना जुगसलाई से सुंदरनगर थाना
* पुअनि बाबूराम सिंह : यातायात थाना जुगसलाई से पुलिस केंद्र, गोलमुरी।
इसके अलावा 38 सहायक अवर निरीक्षकों (सअनि) का भी विभिन्न थानों, सीसीआर और पुलिस केंद्र में स्थानांतरण किया गया है। सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नयी जिम्मेदारी संभालने का निर्देश दिया गया है।