जमशेदपुर
'मां, मैं जल्द लौट आऊंगा...' कहकर घर से निकला था छात्रजमशेदपुर में श्रीनाथ यूनिवर्सिटी के छात्र ने नदी में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान परसुडीह थाना क्षेत्र के कीताडीह प्रेमकुंज चौक निवासी 22 वर्षीय अंकित ठाकुर के रूप में हुई है। वह बीकॉम का छात्र था।
घटना का समय और स्थान
घटना शुक्रवार शाम करीब चार बजे की है, जब अंकित ने नरवा पुल पर अपनी स्कूटी खड़ी की और मोबाइल को स्कूटी की डिक्की में रखकर गुडरा नदी में छलांग लगा दी। कुछ देर बाद जब वह घर नहीं लौटा और संपर्क नहीं हो सका तो परिजनों ने तलाश शुरू की। 
घर से निकलना और दोस्त को मैसेज
परिजनों के अनुसार, अंकित दोपहर करीब तीन बजे घर से निकला था। उसने अपनी मां से कहा था कि वह जल्द लौट आयेगा, लेकिन इसके बाद उसका कोई पता नहीं चला। इसी बीच उसके एक मित्र ने परिजनों को सूचना दी कि अंकित ने नरवा पुल से आत्महत्या करने की बात मैसेज के जरिए बतायी है।
शव की बरामदगी और पुलिस की कार्रवाई
सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, जहां नदी के नीचे उसका शव मिला। घटना की जानकारी पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकाला। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस जांच और परिजनों की प्रतिक्रिया
पुलिस ने स्कूटी और मोबाइल फोन जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। परिजनों का कहना है कि अंकित ने किसी भी तरह की परेशानी का जिक्र कभी नहीं किया था, ऐसे में उसने यह कदम क्यों उठाया, यह समझ से परे है।