जमशेदपुर
जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना से महज करीब 150 मीटर की दूरी पर शुक्रवार को स्कूली बच्चों से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ऑटो में सवार तीन बच्चे घायल हो गये, जिनमें एक बच्ची और दो बच्चे शामिल हैं। दुर्घटना में ऑटो चालक को भी चोट आयी है।
संत जोसफ स्कूल के बच्चे थे सवार
जानकारी के अनुसार, ऑटो में गोलमुरी स्थित संत जोसफ स्कूल के बच्चे सवार थे। बताया जा रहा है कि सीतारामडेरा थाना के पास अचानक एक कुत्ता ऑटो के सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद ऑटो सड़क पर पलट गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। स्थानीय लोगों और ऑटो चालक की मदद से घायल बच्चों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज कराया गया।
स्कूली वाहनों की सुरक्षा पर उठे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने स्कूली बच्चों को ढोने वाले वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और चालकों की सतर्कता पर सवाल उठाये। लोगों ने मांग की कि बच्चों को ले जाने वाले ऑटो और अन्य वाहनों की नियमित जांच की जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।