द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के सूर्य मंदिर के समीप टाउन हॉल के पास रविवार देर रात दो युवकों पर चापड़ से हमला कर दिया गया। इस घटना में बारीडीह निवासी अभिषेक गिरी गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अजय रविदास भी चोटिल हुआ है। घायल अभिषेक का इलाज टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में चल रहा है। घायल अभिषेक गिरी ने बताया कि वह रोज की तरह मानगो इलाके से डेली कलेक्शन का काम पूरा कर घर लौट रहा था। सूर्य मंदिर के पास वह एक परिचित से मोबाइल पर बात करने के लिए रुका था। इसी दौरान अमित सिंह, अभिषेक सिंह, रितिक सिंह और दीपू वहां पहुंचे और उस पर अचानक चापड़ से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने उस पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

झाड़ियों की ओर घसीटा, 10 हजार रुपये लेकर फरार
पीड़ित के अनुसार, हमला करने के बाद आरोपी उसे जबरन उठाकर पास की झाड़ियों की ओर ले जाने लगे। शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे, जिसके बाद सभी हमलावर वहां से फरार हो गए। अभिषेक ने आरोप लगाया कि आरोपी उसके पास मौजूद डेली कलेक्शन के करीब 10 हजार रुपये भी लेकर भाग गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल को अस्पताल पहुंचाया।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। वहीं, नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।