logo

घर खाली मिला तो बाउंड्री फांदकर घुसे चोर, TATA स्टील कर्मी के क्वार्टर से 40 लाख के जेवरात और कैश चोरी

घर खाली मिला तो बाउंड्री फांदकर घुसे चोर, TATA स्टील कर्मी के क्वार्टर से 40 लाख के जेवरात और कैश चोरी

जमशेदपुरः
जमशेदपुर के सिदगोड़ा क्रॉस रोड नंबर 20 में मंगलवार को दिनदहाड़े चोरों ने टाटा स्टील कर्मी के बंद क्वार्टर को निशाना बनाकर करीब 40 लाख रुपये के सोने-चांदी के पुश्तैनी जेवरात और 20 हजार रुपये नकद चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया। चोर बाउंड्री फांदकर घर के पीछे पहुंचे और दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद कमरों में रखी अलमारियों के लॉक तोड़कर जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गये। वारदात के दौरान घर में कोई नहीं था। क्वार्टर नंबर एल-4/11 में रहने वाले टाटा स्टील कर्मी सुब्रतो दास मंगलवार सुबह करीब 7.40 बजे ड्यूटी के लिए निकले थे। इससे पहले उनकी पत्नी अंबिका दास करीब 7 बजे स्कूल चली गयी थी। वह रामकृष्ण मिशन जूनियर स्कूल में शिक्षिका हैं। दोनों बच्चे बाहर रहकर पढ़ाई करते हैं, जबकि सुब्रतो दास की मां करीब एक सप्ताह पहले परसुडीह स्थित पैतृक आवास गयी थी। घर के पूरी तरह खाली होने के बाद चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।


कमरों का सामान बिखरा था, अलमारियों का ताला टूटा
करीब पांच घंटे बाद दोपहर 12.30 बजे सुब्रतो दास लंच के लिए क्वार्टर लौटे। मुख्य दरवाजा खोलकर अंदर पहुंचे तो कमरों का सामान बिखरा हुआ था। अलमारियों के लॉक टूटे हुए मिले। इसके बाद उन्होंने घर की जांच की तो पीछे का दरवाजा क्षतिग्रस्त मिला। आशंका है कि चोर पीछे की चहारदीवारी फांदकर परिसर में दाखिल हुए और दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे थे। सुब्रतो दास के अनुसार, चोरी किये गये सामान में काफी मात्रा में सोने-चांदी के पुश्तैनी जेवरात शामिल हैं। पीड़ित परिवार ने इसकी कीमत करीब 40 लाख रुपये बतायी है। इसके अलावा अलमारी में रखे 20 हजार रुपये नकद भी चोर अपने साथ ले गये। वारदात के बाद पुलिस ने चोरी हुए सामान की विस्तृत सूची तैयार कर जांच शुरू कर दी है।


फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए
इधर, घटना की सूचना मिलने पर सिदगोड़ा थाना की पुलिस फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड के साथ मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घर के अंदर और प्रवेश वाले स्थानों से फिंगरप्रिंट समेत अन्य साक्ष्य जुटाये। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली, जिसमें एक संदिग्ध युवक की गतिविधि कैद होने की बात सामने आयी है। फुटेज के आधार पर पुलिस संदिग्ध की पहचान और उसके आने-जाने के रास्ते का पता लगाने में जुटी है। पुलिस का मानना है कि वारदात को अंजाम देने से पहले घर की गतिविधियों पर नजर रखी गयी होगी। जिस समय परिवार के दोनों सदस्य घर से निकले, उसके कुछ ही समय बाद चोरी की गयी और दोपहर तक चोर फरार हो चुके थे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज में दिखे संदिग्धों की पहचान और संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
 

Tags - Jamshedpur theft Sidgora theft Tata Steel employee gold jewellery theft silver jewellery theft family jewellery