जमशेदपुर
सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के अक्षी मध्य विद्यालय के पास शुक्रवार सुबह स्कूली बच्चों से भरा एक ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में दो बच्चे घायल हो गये। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी। आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और ऑटो में फंसे बच्चों को बाहर निकालने में जुट गये। काफी मशक्कत के बाद सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
चालक के नशे में होने का दावा, वाहन से मिलीं दो चिलम
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, ऑटो काफी तेज रफ्तार में था और चालक कथित तौर पर नशे की हालत में था। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हालांकि, चालक के नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ऑटो की जांच की, जिसमें वाहन से दो चिलम मिलने की बात सामने आयी।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं, हादसे की सूचना बच्चों के परिजनों को दी गयी, जिसके बाद परिजन घायल बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल लेकर गये।.jpeg)
स्कूल जाते समय हुआ हादसा
स्कूली बच्चों के स्कूल जाने के दौरान हुई इस दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर कुछ देर तक लोगों की भीड़ जमा रही। हादसे को लेकर स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों और चालक की भूमिका की जांच कर रही है।