जमशेदपुर:
जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े क्वार्टर में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सीसीटीवी फुटेज पुलिस के लिए अहम कड़ी साबित हुआ। फुटेज में संदिग्ध के नजर आने के बाद पुलिस ने मानवीय सूचना तंत्र को सक्रिय किया। मुखबिरों की सूचना के आधार पर पुलिस ने चोर की पहचान की और भुईयाडीह स्थित लकड़ी टाल निवासी आरोपी सुमित दास उर्फ लंगड़ा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और घटना में शामिल दूसरे आरोपी जाफर के बारे में भी जानकारी दी। आरोपी सुमित दास उर्फ लंगड़ा को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

7 सितंबर को क्वार्टर में हुई थी चोरी
घटना 7 सितंबर की दोपहर की है। साकची थाना क्षेत्र के तमरिया रोड स्थित क्वार्टर संख्या एल-2/27 निवासी सुधांशु आदित्य के घर में अज्ञात चोर घुस गए थे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद 8 सितंबर को साकची थाना में कांड संख्या 67/2026 दर्ज किया गया। प्राथमिकी बीएनएस की धारा 331(3) और 305 के तहत दर्ज की गई थी। मामले में सोने-चांदी के जेवरात समेत अन्य सामान चोरी होने की शिकायत की गई थी।
.jpeg)
सीसीटीवी फुटेज से पुलिस को मिला सुराग
मामले को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर, पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और पुलिस उपाधीक्षक नगर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। पुलिस ने सबसे पहले घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। जांच के दौरान एक संदिग्ध पुलिस के रडार पर आया। इसके बाद तकनीकी साक्ष्य के साथ मानवीय सूचना तंत्र की मदद ली गई। मुखबिरों ने संदिग्ध की पहचान सुमित दास उर्फ लंगड़ा के रूप में की।
.jpeg)
आरोपी की निशानदेही पर जेवरात बरामद
पुलिस ने सुमित दास को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो उसने घटना से जुड़े कई राज खोले। उसकी निशानदेही पर चोरी के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए। पूछताछ में उसने घटना में शामिल दूसरे अपराधकर्मी जाफर का नाम भी बताया। पुलिस के अनुसार, जाफर को कदमा थाना के एक अन्य मामले में पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। उसके पास से भी इस घटना में चोरी किए गए शेष सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं।
.jpeg)
दोनों आरोपियों ने चोरी में संलिप्तता स्वीकार की
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इस तरह सीसीटीवी फुटेज से शुरू हुई जांच आरोपी की पहचान, गिरफ्तारी और चोरी के जेवरात की बरामदगी तक पहुंची। पुलिस ने घटना में चोरी किए गए जेवरात का बड़ा हिस्सा बरामद करने का दावा किया है।
लंगड़ा के खिलाफ पहले से दर्ज हैं चोरी के मामले
पुलिस के मुताबिक, सुमित दास उर्फ लंगड़ा के खिलाफ पहले भी चोरी के मामले दर्ज हैं। साकची थाना में वर्ष 2020 में उसके खिलाफ चोरी का मामला दर्ज हुआ था, जबकि वर्ष 2025 में बिष्टुपुर थाना में भी घर में चोरी से संबंधित मामला दर्ज किया गया था। पुराने आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए पुलिस को पूछताछ के दौरान घटना के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की उम्मीद थी।
सोने-चांदी के जेवरात के साथ हथौड़ी-छेनी जब्त
पुलिस ने लंगड़ा के पास से एक सोने की अंगूठी, एक जोड़ी सोने का पंजरा यानी मेहंदी छल्ला, एक जोड़ी चांदी की पायल, एक चांदी की अंगूठी और टूटी हुई चांदी की अंगूठी का एक टुकड़ा बरामद किया है। इसके अलावा चोरी में इस्तेमाल की जाने वाली हथौड़ी और छेनी भी जब्त की गई हैं।