logo

जमशेदपुर में मॉडिफाइड साइलेंसर पर चला रोड रोलर, 102 पाइप कुचले; 5 हजार रुपये का जुर्माना वसूला

जमशेदपुर में मॉडिफाइड साइलेंसर पर चला रोड रोलर, 102 पाइप कुचले; 5 हजार रुपये का जुर्माना वसूला

जमशेदपुर 
रफ्तार के साथ गूंजती तेज आवाज को स्टाइल समझकर बाइक में मॉडिफाइड साइलेंसर लगाना अब जमशेदपुर के वाहन चालकों को भारी पड़ेगा। जमशेदपुर ट्रैफिक पुलिस ने ऐसे साइलेंसरों के खिलाफ अभियान चलाकर कुल 102 पाइप जब्त किए। इतना ही नहीं, कार्रवाई की जद में आए वाहन चालकों से 5-5 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।

साकची थाना के बाहर रोड रोलर से कुचले गए 102 साइलेंसर
इन साइलेंसरों की कहानी यहीं खत्म नहीं हुई। ट्रैफिक पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी जब्त साइलेंसर पाइपों को साकची थाना के बाहर सड़क पर बिछाया और रोड रोलर से कुचल दिया। देखते ही देखते 102 मॉडिफाइड साइलेंसर रोड रोलर के नीचे चकनाचूर हो गए। तेज आवाज के शौक पर ट्रैफिक पुलिस ने इस तरह सीधे ब्रेक लगा दिया।

ध्वनि प्रदूषण और राहगीरों की परेशानी पर पुलिस की नजर
पुलिस के मुताबिक, इन मॉडिफाइड साइलेंसरों से बाइक की आवाज सामान्य क्षमता से कहीं ज्यादा बढ़ जाती है। यह अनावश्यक शोर न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ाता है, बल्कि सड़क पर पैदल चलने वालों और अन्य वाहन चालकों के लिए भी परेशानी पैदा करता है।

मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वालों पर कार्रवाई जारी रहेगी
यातायात पुलिस ने साफ कर दिया है कि मॉडिफाइड साइलेंसर लगाकर सड़क पर निकलने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। साइलेंसर जब्त किया जाएगा, 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा और नियमानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि सड़क पर वाहनों का इस्तेमाल अनावश्यक शोर फैलाने के लिए नहीं किया जाना चाहिए।

Tags - Jamshedpur News Modified Silencer Traffic Police Noise Pollution Traffic Fine