logo

जमशेदपुर में बारिश से क्षतिग्रस्त सड़कों-पुलों की तत्काल मरम्मत, प्रभावित इलाकों में राहत कार्य तेज करने के DC ने दिए निर्देश

jam_dc2.jpg

जमशेदपुर

जमशेदपुर में लगातार हो रही बारिश और खरकई व स्वर्णरेखा नदियों के बढ़े जलस्तर से प्रभावित इलाकों में अब पानी उतरने के साथ राहत और पुनर्स्थापन कार्य तेज करने की तैयारी है। उपायुक्त राजीव रंजन ने बुधवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा की और सड़क, पुल-पुलिया व संपर्क पथों की तत्काल मरम्मत से लेकर जल निकासी और सफाई तक के निर्देश दिये। डीसी ने सभी बीडीओ को अपने-अपने क्षेत्रों में बारिश और बढ़े जलस्तर से क्षतिग्रस्त सड़कों, पुल-पुलिया और संपर्क पथों का स्थल निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा। उन्होंने खास तौर पर ऐसे रास्तों को चिह्नित करने का निर्देश दिया, जिनके क्षतिग्रस्त होने से बच्चों के स्कूल जाने या मरीजों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाने में परेशानी हो सकती है।

फॉगिंग और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव

बैठक में पुल-पुलिया पर जमा मलबे और अन्य अवरोधों को हटाकर जल निकासी सुचारु कराने पर भी जोर दिया गया। जिन इलाकों से पानी उतर चुका है, वहां तत्काल सफाई अभियान चलाने तथा जलनिकासी के बाद फॉगिंग और ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव कराने का निर्देश दिया गया है, ताकि मच्छरजनित बीमारियों और संक्रमण का खतरा कम किया जा सके। उपायुक्त राजीव रंजन ने आपदा से प्रभावित परिवारों की स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बारिश या आपदा के कारण जिन लोगों के घर गिर गये हैं, उनका प्रस्ताव तत्काल तैयार कर भेजा जाए, ताकि नियमानुसार उन्हें आवास योजना का लाभ दिलाया जा सके।

पुल के पुनर्निर्माण के लिए डीपीआर तैयार कर लिया गया

वहीं, नेशनल हाईवे पर बारिश से बने गड्ढों और क्षतिग्रस्त संपर्क पथों को चिह्नित कर तत्काल मरम्मत और सुदृढ़ीकरण कराने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया गया। डीसी ने सभी विभागों को प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी रखने और जरूरत के अनुसार तत्काल कार्रवाई करने को कहा। मानगो के जाबिर पुल के बारिश में डूबने और आवागमन प्रभावित होने की सूचना के बाद अभियंताओं ने स्थल निरीक्षण कर तकनीकी जांच की थी। जांच के बाद पुल के पुनर्निर्माण के लिए डीपीआर तैयार कर लिया गया है। अब निर्माण के लिए संबंधित विभाग को प्रस्ताव भेजा जा रहा है। आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुल के पुनर्निर्माण का काम शुरू कराने की तैयारी है।

Tags - Relief Work DC Rajiv Ranjan Cleanliness Drive Disaster Management