जमशेदपुर
जमशेदपुर के मानगो क्षेत्र अंतर्गत गुरुद्वारा रोड स्थित मुंशी मोहल्ला मजार के पास हुए राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड की पूरी स्क्रिप्ट साहेब सिंह उर्फ शब्बे द्वारा रची गयी थी। दरअसल, एक युवती से बातचीत को लेकर मृतक राहुल सिंह उर्फ राहुल बच्चा और मुख्य आरोपी सरबजीत सिंह उर्फ साहेब सिंह उर्फ शब्बे के बीच पूर्व से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में शब्बे ने अपने साथियों के साथ मिलकर राहुल की हत्या की साजिश रची। पुलिस ने इस मामले में शब्बे समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं हथियार बरामदगी के दौरान गुरुवार तड़के शब्बे पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गया, उसके पैर में दो गोलियां लगी है। जबकि तीन अन्य आरोपियों को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। मामले को लेकर जानकारी देते हुए एसएसपी डॉ एहतेश्याम वाकरीब ने बताया कि मानगो थाना क्षेत्र में 8 जुलाई बुधवार की शाम करीब 7 बजे हुई राहुल बच्चा की हत्या मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में मुख्य आरोपी सरबजीत सिंह उर्फ साहेब सिंह उर्फ शब्बे, सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली, अफताब अली उर्फ बाबा और अमरजीत प्रसाद उर्फ पांडेय शामिल हैं।
.jpeg)
वारदात में एक भी गोली नहीं मारी गयी
एसएसपी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस जांच में सामने आया है कि एक युवती से बातचीत को लेकर राहुल बच्चा और शब्बे के बीच विवाद था। इसी विवाद ने धीरे-धीरे रंजिश का रूप ले लिया। फिर मौका पाकर गुरुद्वारा रोड स्थित मजार के पास वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के दौरान राहुल बच्चा पर मजार के पास ईंट, पत्थर और डंडे से हमला किया गया था। जिससे गंभीर रूप से घायल राहुल की मौत हो गयी। एसएसपी ने बताया कि मृतक राहुल बच्चा को वारदात में एक भी गोली नहीं मारी गयी है। हालांकि फायरिंग हुई भी है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। घटना के बाद मृतक के भाई राजा कुमार के बयान पर मानगो थाना में बीएनएस की धारा 103(1), 3(5) और आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी थी। जिसके बाद सिटी एसपी ललित मीणा की निगरानी में एएसपी ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस से मुठभेड़
एसएसपी के अनुसार, मुख्य आरोपी शब्बे ने पूछताछ में बताया कि उसने वारदात में इस्तेमाल हथियार जवाहर नगर रोड नंबर-14 स्थित फॉरेस्ट एरिया में छिपाकर रखा है। पुलिस टीम जब उसकी निशानदेही पर हथियार बरामद करने पहुंची, तभी उसने झाड़ियों से लोडेड देसी पिस्तौल निकालकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें शब्बे के दोनों पैरों में एक-एक गोली लगी। घायल अवस्था में उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में शब्बे, अफताब अली और अमरजीत प्रसाद का आपराधिक इतिहास रहा है। मुख्य आरोपी शब्बे के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं अफताब अली के खिलाफ भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। बताया गया कि हत्या में शामिल अन्य लोगों की भूमिका, घटना के पीछे के सभी कारणों और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।