द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में बुधवार शाम छिनतई की घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शंकरपुर स्थित विद्यासागर पाली मेन रोड पर एक महिला से पर्स छीनकर भाग रहे युवक को स्थानीय लोगों ने पीछा कर पकड़ लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। मामले की जांच जारी है। पीड़िता सुनीता वर्मा ने बताया कि वह शंकरपुर गोबरा टोला स्थित अपने घर से विद्यासागर पाली की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आए एक युवक ने झपट्टा मारकर उनका पर्स छीन लिया और मौके से भागने लगा। महिला के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग सक्रिय हो गए और आरोपी का पीछा शुरू कर दिया।

गांधी मैदान के पास पकड़ाया आरोपी
स्थानीय लोगों ने कुछ दूरी पर गांधी मैदान के पास युवक को पकड़ लिया। लोगों का दावा है कि तलाशी के दौरान महिला का मोबाइल फोन भी उसके पास से बरामद हुआ। घटना से नाराज लोगों ने आरोपी की पिटाई कर दी। बाद में पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस कर रही मामले की जांच
महिला ने आरोपी की पहचान शंकरपुर निवासी सूरज श्रीवास्तव उर्फ मार्कण्डेय के रूप में की है। उनके अनुसार आरोपी ने सिर पर टोपी पहन रखी थी और चेहरा आंशिक रूप से ढका हुआ था। महिला के बैग में एक रियलमी मोबाइल फोन, दो हजार रुपये नकद और घर की चाबी रखी हुई थी। परसुडीह थाना पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और शिकायत के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।