जमशेदपुर:
अब केवल आपको एक ‘Hi’ करना है, बस फिर पुलिस आपके समक्ष हाजिर हो जाएगी। जमशेदपुर पुलिस से जुड़ी कई जरूरी सेवाओं और जानकारियों के लिए अब लोगों को बार-बार थाने या पुलिस कार्यालय का चक्कर नहीं काटना पड़ेगा। जमशेदपुर पुलिस ने आम लोगों की सुविधा के लिए JOHAR POLICE चैटबॉट लॉन्च किया है। WhatsApp आधारित इस सेवा के जरिए लोग अपने मोबाइल से ही पुलिस से जुड़ी कई सेवाओं का लाभ ले सकेंगे और जरूरी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

एसएसपी ने किया चैटबॉट का शुभारंभ
एसएसपी एहतेशाम वकारीब ने इस चैटबॉट सेवा की शुरुआत की। उन्होंने बताया कि इसके लिए लोगों को WhatsApp नंबर 9471167577 पर सिर्फ एक ‘Hi’ लिखकर भेजना होगा। इसके बाद चैटबॉट के माध्यम से उपलब्ध पुलिस सेवाओं और जानकारियों तक पहुंच बनाई जा सकेगी। जारी QR कोड को स्कैन कर भी चैटबॉट से जुड़ा जा सकता है।
.jpeg)
मोबाइल, साइबर अपराध से लेकर वेरिफिकेशन तक की सुविधा
एसएसपी ने बताया कि JOHAR POLICE के जरिए खोए या चोरी हुए मोबाइल से संबंधित सहायता, साइबर अपराध से जुड़ी शिकायत और जानकारी प्राप्त की जा सकेगी। इसके साथ ही ट्रैफिक और चालान, पासपोर्ट वेरिफिकेशन तथा चरित्र प्रमाण पत्र से जुड़ी जानकारी भी मोबाइल पर मिलेगी। इसके अलावा विभिन्न पुलिस वेरिफिकेशन की स्थिति जानने और पुलिस कार्यालय में दिए गए आवेदन या शिकायत का स्टेटस देखने की सुविधा भी चैटबॉट में दी गई है। वहीं, महिलाओं और बुजुर्गों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में भी चैटबॉट के माध्यम से शिकायत या सूचना दी जा सकेगी। ईव-टीजिंग से संबंधित शिकायत के साथ वरिष्ठ नागरिकों के लिए सहायता की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। पुलिस को सुझाव और फीडबैक देने का विकल्प भी इसमें रखा गया है।
.jpeg)
अनावश्यक आवाजाही होगी कम
एसएसपी के अनुसार, चैटबॉट शुरू करने का मुख्य उद्देश्य छोटी-छोटी पुलिस सेवाओं और सूचनाओं के लिए लोगों की अनावश्यक आवाजाही कम करना है। WhatsApp के माध्यम से घर बैठे जानकारी और सेवाएं उपलब्ध होने से लोगों का समय बचेगा। साथ ही, पुलिस और आम जनता के बीच संवाद को तेज और आसान बनाने में भी यह डिजिटल पहल काफी मददगार साबित होगी।
NIT जमशेदपुर की मदद से तैयार हुआ सॉफ्टवेयर
एसएसपी ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मार्गदर्शन में JOHAR POLICE सॉफ्टवेयर को NIT जमशेदपुर की मदद से तैयार कराया गया है। सॉफ्टवेयर से जुड़े विभाग के WhatsApp मोबाइल नंबर पर सभी रिस्पॉन्स ऑटोमेटेड हैं। इसे एक ऐसे सॉफ्टवेयर के जरिए विकसित किया गया है, जो आम नागरिकों के मोबाइल पर WhatsApp की तरह ही काम करेगा। इसमें अपनी समस्या बताने पर नागरिकों को क्विक ऑटोमेटेड रिस्पॉन्स प्राप्त होगा। शिकायत प्राप्त होते ही समस्याओं के निराकरण के लिए पुलिस टीम तत्काल काम करेगी। अगर आगे किसी और जानकारी की आवश्यकता होगी, तभी संबंधित व्यक्ति को थाने बुलाया जाएगा।
कैसे इस्तेमाल करें
मोबाइल में WhatsApp खोलें और 9471167577 नंबर पर ‘Hi’ भेजें। इसके बाद चैटबॉट पर उपलब्ध विकल्पों के माध्यम से संबंधित पुलिस सेवा या जानकारी का चयन किया जा सकेगा। QR कोड स्कैन कर भी सीधे चैटबॉट तक पहुंचा जा सकता है।
इन सेवाओं की मिलेगी सुविधा
खोए या चोरी हुए मोबाइल से संबंधित सहायता, साइबर अपराध से जुड़ी शिकायत व जानकारी, ट्रैफिक और चालान से संबंधित जानकारी, पासपोर्ट वेरिफिकेशन, चरित्र प्रमाण पत्र वेरिफिकेशन, विभिन्न पुलिस वेरिफिकेशन का स्टेटस, पुलिस कार्यालय में दिए गए आवेदन या शिकायत का स्टेटस, नजदीकी थाने की जानकारी, महिला सुरक्षा और ईव-टीजिंग से संबंधित शिकायत, वरिष्ठ नागरिकों के लिए सहायता तथा पुलिस को सुझाव और फीडबैक देने की सुविधा।