जमशेदपुर
जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में जमशेदपुर पुलिस को एक और सफलता मिली है। मामले की जांच कर रही विशेष अनुसंधान दल (SIT) ने फरार चल रहे दो आरोपियों राघवेंद्र कुमार उर्फ रविंद्र उर्फ घेरे और गणेश मछुवा को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इनमें राघवेंद्र ने बिष्टुपुर थाना में आत्मसमर्पण किया, जबकि गणेश मछुवा को पुलिस ने छापेमारी कर गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर घटना के बाद फरार होने में इस्तेमाल की गयी स्कूटी भी बरामद की है।

घटना के बाद छिपाने और फरार कराने में मदद की थी
पुलिस के अनुसार, 27 जून की रात करीब 11.30 बजे बिष्टुपुर स्थित डीडी बार एंड कैफे के सामने धारदार हथियार से हमला कर हिमांशु सिंह की हत्या कर दी गयी थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के निर्देश पर SIT का गठन किया गया था। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और अन्य इनपुट के आधार पर लगातार छापेमारी किया। जांच के क्रम में अब तक प्राथमिकी और अप्राथमिकी अभियुक्तों समेत कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। पुलिस के अनुसार, गणेश मछुवा ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा, राहुल दुबे और राघवेंद्र उर्फ घेरे को घटना के बाद छिपाने और फरार कराने में मदद की थी।

गणेश का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास
पुलिस ने बताया कि गणेश का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह अवैध शराब से जुड़े मामलों में दो बार जेल जा चुका है। इस हत्याकांड के बाद पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठे थे, क्योंकि वारदात सार्वजनिक स्थान पर हुई थी। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान जारी है और शेष आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जायेगा। कार्रवाई में सहायक पुलिस अधीक्षक ऋषभ त्रिवेदी, डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार, विभिन्न अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, बिष्टुपुर थाना प्रभारी निरंजन कुमार, तकनीकी शाखा और विशेष छापेमारी टीम की अहम भूमिका रही।