द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर में चेन स्नेचरों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शहर में लगातार बढ़ रही छिनतई की घटनाओं के बीच पुलिस ने एक शातिर अपराधी का हाफ एनकाउंटर कर दिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पकड़े गए घायल अपराधी की पहचान हरपाल उर्फ गबरू के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं। घटना की शुरुआत सोमवार शाम को हुई, जब टेल्को के घड़ी पार्क (मनीष पार्क) में वॉक कर रही बिरसानगर (जोन नंबर 9) की निवासी बसंती देवी (55 वर्ष) से पल्सर सवार दो अपराधियों ने सोने की चेन लूट ली। वारदात को अंजाम देकर भाग रहे बदमाशों का पीछा करते हुए पुलिस ने महज 40 मिनट के भीतर सिदगोड़ा रोड नंबर 28 के पास उन्हें चारों तरफ से घेर लिया। पुलिस की जीप ने जैसे ही ओवरटेक किया, संतुलन बिगड़ने से बदमाश पल्सर बाइक समेत नाली में जा गिरे। बाइक के नीचे दबने के कारण एक बदमाश को मौके पर ही दबोच लिया गया, जबकि पीछे बैठा उसका दूसरा साथी मनप्रीत सिंह उर्फ रिशू पुलिस पर दो राउंड गोलियां चलाकर भागने लगा। हालांकि, मुस्तैद पुलिस टीम ने उसे भी खदेड़कर जैप-6 कैंपस के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान इनके पास से एक पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
.jpg)
टाइगर मोबाइल ने लिया एक्शन
मामले में चौंकाने वाला मोड़ देर रात करीब 2:30 बजे आया। पुलिस टीम जब पकड़े गए आरोपी हरपाल उर्फ गबरू को लेकर सिदगोड़ा टाउन हॉल के पास स्थित शौचालय के पास हथियार बरामद करने गई, तो उसने मौका पाकर एएसआई सुशांत सुंडी की सर्विस पिस्तौल छीन ली। गबरू ने पुलिस टीम पर सीधा निशाना साधते हुए तीन राउंड फायरिंग कर दी। इस जानलेवा हमले में एएसआई सुशांत सुंडी और अन्य जवान बाल-बाल बच गए।

पैर में मारी गई गोली
हालात बेकाबू होते देख टाइगर मोबाइल के जवान शम्स तबरेज ने तुरंत मोर्चा संभाला और आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई करते हुए अपराधी के पैर पर गोली मार दी। गोली लगते ही गबरू जमीन पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे दोबारा अपनी कस्टडी में ले लिया। सिदगोड़ा थाना प्रभारी फैज अहमद ने बताया कि घायल बदमाश को अस्पताल भेजा गया है और पूरे क्षेत्र में सुरक्षा पुख्ता कर आगे की पूछताछ की जा रही है।