logo

OLX पर चोरी की बाइक देख चौंका मालिक, नंबर प्लेट बदलकर बेचने की थी तैयारी

जोेेगदल.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जमशेदपुर के साकची थाना क्षेत्र से बाइक चोरी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां अपनी चोरी हुई बाइक की तलाश कर रहा युवक OLX के जरिए उसी मोटरसाइकिल तक पहुंच गया। मामला टाटा स्टील कर्मी रजनीकांत मिश्रा से जुड़ा है, जिनकी पैशन प्रो बाइक 13 मई को केरिम्स सिटी कॉलेज के पास से चोरी हो गई थी। जानकारी के अनुसार रजनीकांत मिश्रा ड्यूटी पर गए थे और लौटने पर देखा कि उनकी बाइक गायब है। इसके बाद उन्होंने साकची थाना में चोरी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच शुरू की, जिसमें एक युवक बाइक लेकर जाते हुए दिखाई दिया। हालांकि शुरुआती जांच में पुलिस और बाइक मालिक को कोई ठोस सुराग नहीं मिल सका।


OLX पर मिली अपनी ही बाइक, देखकर रह गए हैरान
इसी दौरान रजनीकांत मिश्रा OLX पर सेकेंड हैंड बाइक की तलाश कर रहे थे। तभी एक व्यक्ति से उनकी बातचीत हुई, जिसने बाइक दिखाने के लिए चायपत्ती स्थित सोया ऑटो बुलाया। जब रजनीकांत मौके पर पहुंचे तो उनकी नजर एक पैशन प्रो बाइक पर पड़ी। जांच करने पर पता चला कि वह उनकी ही चोरी हुई मोटरसाइकिल थी। आरोपी ने पहचान छिपाने के लिए बाइक की नंबर प्लेट बदल दी थी और चेसिस नंबर से भी छेड़छाड़ की कोशिश की गई थी।


पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया, गिरोह की तलाश जारी
मामले की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी की बाइक का नंबर बदलकर उसे दोबारा बेचने के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और क्या इसके पीछे किसी बड़े गिरोह का हाथ है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।

 

Tags - Jamshedpur News Crime News OLX Fraud Bike Theft Sakchi Police Jharkhand News