logo

DGP की बैठक के कुछ घंटे बाद ही गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा जमशेदपुर, युवक पर चार राउंड फायरिंग

DGP की बैठक के कुछ घंटे बाद ही गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा जमशेदपुर, युवक पर चार राउंड फायरिंग

जमशेदपुरः
जमशेदपुर में अपराध पर लगाम लगाने को लेकर गुरुवार सुबह डीजीपी तदाशा मिश्रा ने वरीय पुलिस अधिकारियों के साथ हाईलेवल क्राइम मीटिंग की। बैठक में शहर की हाल की आपराधिक घटनाओं और कानून-व्यवस्था की समीक्षा हुई। इसके कुछ ही घंटे बाद देर रात सीतारामडेरा थाना क्षेत्र स्थित ओल्ड बाराद्वारी का फुलबस्ती गोलियों की तड़तड़ाहट से गूंज उठा। यहां स्कूटी सवार दो अपराधियों ने घर के बाहर खड़े मो. राजा को निशाना बनाकर चार से पांच राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से राजा घायल हो गया। उसकी बांह में दो गोलियां लगी हैं। घटना गुरुवार रात करीब 11:15 बजे की है। अचानक हुई फायरिंग से फुलबस्ती में अफरा-तफरी मच गयी। लोग अपने घरों से बाहर निकल आये। गोली चलाने के बाद दोनों आरोपी स्कूटी से एमजीएम अस्पताल मोड़ की ओर भाग निकले। सूचना मिलते ही सीतारामडेरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से दो खोखे बरामद किये। घायल राजा को तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है।


क्या है पूरा मामला
राजा ने पुलिस को बताया कि गुरुवार शाम करीब सात से आठ बजे के बीच बाराद्वारी देवनगर आश्रम के पास उसका साकची जामा मस्जिद के पीछे रहने वाले इस्मायलु और काशीडीह निवासी कोदू से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर वहां लोगों की भीड़ जुट गयी और उसके साथ मारपीट की गयी। राजा ने अपने दोस्तों को फोन कर मदद मांगी और किसी तरह वहां से निकलकर घर पहुंचा। राजा के अनुसार, रात करीब 11:15 बजे वह अपने घर के बाहर मोबाइल पर बात कर रहा था। इसी दौरान सफेद रंग की स्कूटी से इस्मायलु और कोदू वहां पहुंचे। दोनों ने रुकते ही उस पर फायरिंग शुरू कर दी। लगातार चार-पांच गोलियां चलायी गयी, जिनमें दो राजा की बांह में लगीं। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद दोनों आरोपी स्कूटी से फरार हो गये।


गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम सक्रिय
पुलिस सूत्रों के अनुसार, फायरिंग में नाम सामने आ रहे इस्मायलु का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ रंगदारी, जानलेवा हमला और आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज होने की बात सामने आयी है। पुलिस उसके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड की भी पड़ताल कर रही है। शुरुआती जांच में शाम के विवाद को ही रात की फायरिंग की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों को सक्रिय कर दिया है। काशीडीह के अलावा मानगो और आजादनगर इलाके में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस फायरिंग में इस्तेमाल स्कूटी और हथियार का भी पता लगाने में जुटी है।

Tags - Jamshedpur Crime Firing Case Sitaramdera Old Baradwari Jharkhand Crime