जमशेदपुर:
Jamsedpur News: जमशेदपुर के गांधी घाट के पास शनिवार शाम जितिया पर्व के दौरान सुवर्णरेखा नदी में स्नान करने के दौरान डूबी मानगो के समता नगर निवासी संतोष ठाकुर की 14 वर्षीय बेटी पूनम कुमारी का शव रविवार सुबह स्थानीय गोताखोरों ने नदी से बरामद कर लिया। करीब 9:30 बजे शव मिलने की सूचना जैसे ही परिजनों को मिली, घाट पर चीख-पुकार मच गयी। बेटी का शव देखते ही मां रेखा कुमारी बदहवास हो गयीं। परिजनों ने उन्हें संभाला। वहीं, पिता संतोष ठाकुर का भी रो-रोकर बुरा हाल था।

बड़ी बहन के साथ नदी में नहाने गयी थी पूनम
शनिवार शाम जितिया पर्व पर गांधी घाट में स्नान करने के दौरान पूनम और उसकी बड़ी बहन ज्योति कुमारी नदी के तेज बहाव में बहने लगीं। दोनों को डूबता देख मां ने शोर मचाया। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने नदी में उतरकर दोनों को बचाने का प्रयास किया। स्थानीय लोगों की मदद से ज्योति कुमारी को नदी से बाहर निकाल लिया गया, जबकि पूनम तेज बहाव के कारण गहरे पानी में बह गयी।
.jpeg)
अंधेरा होने पर रोकना पड़ा तलाशी अभियान
घटना के बाद स्थानीय गोताखोरों ने शनिवार शाम तक नदी में पूनम की तलाश की। अंधेरा बढ़ने और नदी के तेज बहाव के कारण देर शाम तलाशी अभियान रोक दिया गया। इसके बाद परिजनों और बस्ती के लोगों ने लापता बच्ची की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम बुलाने की मांग को लेकर मानगो पुल पर करीब तीन घंटे तक सड़क जाम कर दिया। प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया, जिसके बाद जाम हटाया गया।
.jpeg)
रविवार सुबह मिला पूनम का शव
रविवार सुबह स्थानीय गोताखोरों ने दोबारा नदी में तलाशी अभियान शुरू किया। करीब 9:30 बजे गोताखोरों ने पूनम का शव नदी से खोज निकाला। शव बरामद होने की सूचना मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। पिता संतोष ठाकुर ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते प्रशासन की ओर से बचाव अभियान शुरू कराया जाता, तो उनकी बेटी की जान बच सकती थी।
परिवार से मिले पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता
घटना के अगले दिन रविवार सुबह पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता सुवर्णरेखा घाट पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। इस दौरान उन्होंने लापता बच्ची की तलाश में नदी में उतरे स्थानीय गोताखोरों को भी आर्थिक सहयोग किया। बन्ना गुप्ता ने कहा कि दुख की इस घड़ी में हम सभी पीड़ित परिवार के साथ हैं। उन्होंने दिवंगत बच्ची के प्रति संवेदना जताते हुए परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।