logo

जमशेदपुर के मिश्रा बागान में जमीन विवाद को लेकर फायरिंग, इलाके में दहशत

ुोूा.jpg

द फॉलोअप, जमशेदपुर
जमशेदपुर के मिश्रा बागान में शुक्रवार रात जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जेम्को थाना क्षेत्र में बदमाशों ने करीब तीन राउंड फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। घटना रात करीब 8 बजे की बतायी जा रही है। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग अपने घरों में दुबक गए और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना की सूचना मिलते ही जेम्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया गया है, जिससे फायरिंग की पुष्टि हुई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।


जमीन विवाद को लेकर तनाव
स्थानीय लोगों के अनुसार, मिश्रा बागान में एक प्लॉट को लेकर दो गुटों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आशंका जतायी जा रही है कि इसी विवाद के कारण बदमाशों ने फायरिंग कर शक्ति प्रदर्शन करने की कोशिश की। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।


आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बतायी जा रही है, लेकिन इलाके में पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।

 

Tags - Jamshedpur FiringCase JharkhandCrime LandDispute PoliceInvestigation