जमशेदपुर
परसूडीह थाना क्षेत्र में देर रात एक 45 वर्षीय मलेरिया विभाग के कर्मचारी ने पड़ोस में रहने वाली 15 साल की नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी। आज सुबह जब मामले का खुलासा हुआ, तो स्थानीय लोगों ने आरोपी को घेरने की कोशिश की, लेकिन वह भागने में सफल रहा। पुलिस ने पीड़िता को इलाज और मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल भेजा है। वहीं आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
आरोपी और पीड़िता एक ही किराए के मकान में पड़ोसी
बताया जा रहा है कि आरोपी शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। वह सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया स्थित मलेरिया विभाग में कार्यरत है। परसुडीह पुलिस ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल कराया जा रहा है। मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी और पीड़िता एक ही भाड़े के मकान में पड़ोसी के रूप में रहते हैं। बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात गर्मी के कारण बच्ची अपने घर के आंगन में बैठी थी। इसी दौरान आरोपी कथित तौर पर उसे जबरन अपने घर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोप है कि उसने घटना की जानकारी किसी को देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। 
अपनी बड़ी बहन को घटना की दी जानकारी
रात करीब तीन बजे बच्ची अपने घर लौटी, लेकिन डर के कारण उसने किसी को कुछ नहीं बताया। बुधवार सुबह उसने अपनी बड़ी बहन को पूरी घटना की जानकारी दी। जिसके बाद पूरा मामला सामने आया। आसपास के लोग मौके पर जुटे और आरोपी को घेरकर उसके पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी मौके से भाग निकला।