द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र स्थित मरीन ड्राइव के बिंदल मॉल परिसर के उडुपी रेस्टोरेंट में दिनदहाड़े हुई फायरिंग के मामले में जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी मोहन यादव और उसके एक साथी को चंडीगढ़ से गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से फायरिंग में इस्तेमाल पिस्तौल और शूटरों की मोटरसाइकिल बरामद किये जाने की बात सामने आ रही है। पुलिस टीम दोनों आरोपियों को लेकर जमशेदपुर के लिए रवाना हो चुकी है। पुलिस जल्द ही प्रेस कांफ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा कर सकती है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, मोहन यादव के साथी के अलावा शूटरों को बाइक और अन्य सामान उपलब्ध कराने वाले एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस फायरिंग की साजिश, वारदात में शामिल अन्य लोगों और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

72 घंटे की रिमांड पर लिया गया
इस मामले में छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार मनोज सरकार, टीटू शर्मा, दीपू ओझा और शंकर मुंडा को पुलिस ने 72 घंटे की रिमांड पर लिया है। चारों से पूछताछ में पुलिस को वारदात से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की बात सामने आ रही है। पुलिस इन जानकारियों को चंडीगढ़ से गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी से जोड़कर पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
.jpeg)
26 सिंतबर को हुई थी फायरिंग
गौरतलब है कि 26 सितंबर को मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडुपी रेस्टोरेंट में बाइक सवार दो युवकों ने करीब 12 राउंड फायरिंग की थी। अचानक हुई फायरिंग में कदमा के जयप्रभा कॉम्प्लेक्स निवासी डोमनिक सैमसन, कपाली निवासी रिजवान दिलशाद और सोनारी निवासी कृष्णा घायल हुए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच के लिए अलग-अलग टीमें गठित की थीं। अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस इस पूरे मामले में साजिश, शूटरों की भूमिका और फायरिंग के पीछे के कारणों का खुलासा करने की तैयारी में है।