जमशेदपुर
जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र स्थित मरीन ड्राइव के पास रविवार सुबह 8:30 बजे हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान कदमा रामजन्म नगर निवासी गणेश पात्रो (17) के रूप में हुई है। वहीं, घायल किशोर निखिल साहू भी रामजन्म नगर का रहने वाला है। उसके एक हाथ में फ्रैक्चर की बात कही जा रही है। उसका डॉक्टरों की देखरेख में इलाज जारी है।
घटना की पूरी जानकारी
जानकारी के अनुसार, दोनों किशोर कदमा मरीन ड्राइव से रोड नंबर-6 की ओर अपनी स्प्लेंडर बाइक से तेज रफ्तार में जा रहे थे। इसी दौरान सड़क में बने गड्ढे के कारण बाइक अनियंत्रित होकर एक पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि हादसे में बाइक चला रहा गणेश पात्रो गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद दोनों घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए पहले ब्रह्मानंद अस्पताल ले जाया गया। वहां गणेश पात्रो की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) रेफर कर दिया। TMH पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने जांच कर गणेश को मृत घोषित कर दिया। 
गणेश पात्रो की मौत के बाद पोस्टमार्टम को लेकर विवाद
दूसरी ओर, TMH में गणेश पात्रो को मृत घोषित किए जाने के बाद परिजन शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे। जबकि अस्पताल प्रबंधन और प्रशासन का कहना है कि कानूनी प्रक्रिया के तहत पोस्टमार्टम के बिना शव परिजनों को सौंपा नहीं जा सकता। इसको लेकर प्रक्रिया जारी है।