logo

जमशेदपुर में प्रेमिका से विवाद के बाद टाटा मोटर्स कर्मचारी ने ब्लेड से काटा गला, सदर अस्पताल में भर्ती

AI_IMAGE_HOSPITAL_.jpg

जमशेदपुर 
जमशेदपुर के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। प्रेमिका से हुए विवाद के बाद एक युवक ने ब्लेड से अपना गला काटकर आत्महत्या का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल युवक को पुलिस ने तत्काल इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घायल युवक की पहचान और प्रेम संबंध
घायल युवक की पहचान परसुडीह थाना क्षेत्र के राहरगोड़ा निवासी 37 वर्षीय जोबा मार्डी के रूप में हुई है। वह टाटा मोटर्स में स्थायी कर्मचारी है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तलाकशुदा जोबा मार्डी का पिछले करीब दो वर्षों से लुपुंगडीह निवासी एक महिला के साथ प्रेम संबंध था, जो कि तीन बच्चों की मां है। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन महिला की पारिवारिक स्थिति और पहले से शादीशुदा होने के कारण यह रिश्ता आगे नहीं बढ़ सका। कुछ समय तक दोनों साथ भी रहे थे।
फोन पर विवाद के बाद उठाया आत्मघाती कदम
बताया जा रहा है कि शुक्रवार को किसी बात को लेकर दोनों के बीच फोन पर कहासुनी हुई। युवक का आरोप है कि महिला की बातों से उसे मानसिक आघात पहुंचा और उसे लगा कि उसके साथ विश्वासघात हुआ है। इसके बाद उसने ब्लेड से अपनी गर्दन रेतकर जान देने की कोशिश की।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद गोविंदपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस अब युवक के बयान के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस महिला समेत अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ कर विवाद की वास्तविक वजह का पता लगायेगी।

Tags - Jamshedpur Govindpur Suicide Attempt Jharkhand Crime Love Affair