जमशेदपुर
जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्रीनगर ब्लॉक-2 में उफनाई खरकई नदी का पानी घुसने के बाद एक युवक के डूबने की सूचना है। लापता युवक की पहचान टीपू खान के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बाढ़ का पानी घर में घुस जाने के बाद टीपू खान कुछ सामान निकालने और घर का दरवाजा बंद करने के लिए अंदर गया था। इसी दौरान वह तेज बहाव वाले पानी की चपेट में आ गया और डूब गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने काफी देर तक उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। इधर, लगातार हो रही बारिश के कारण जमशेदपुर में नदियां उफान पर हैं। प्रशासन की ओर से जारी रात 10 बजे के फ्लड अपडेट के अनुसार, खरकई नदी 135.700 मीटर पर बह रही है, जो खतरे के निशान 129 मीटर से 6.70 मीटर ऊपर है।

तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गयी
वहीं, स्वर्णरेखा नदी का जलस्तर 123.980 मीटर पहुंच गया है, जो खतरे के निशान 121.50 मीटर से 2.43 मीटर अधिक है। नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गयी है। प्रशासन और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुटे हुए हैं। हालांकि स्थानीय लोगों का दावा है कि प्रशासन की ओर से उनकी कोई सूद नहीं ली जा रही है। न ही माइकिंग के जरिये नदियों का पानी बढ़ने की कोई जानकारी दी गयी। न ही किसी प्रकार का कोई राहत कार्य किया जा रहा है। वहीं सूचना मिलते ही एनडीआरएफ की टीम ने मोर्चा संभाल लिया है। मौके पर डीसी राजीव रंजन समेत, सिटी एसपी ललित मीणा, एसडीओ अर्णव मिश्रा मौजूद रहे।
.jpeg)