जमशेदपुर
जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या की साजिश को नाकाम कर दिया है। पुलिस ने तड़ीपार कुख्यात अपराधी मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़ समेत 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो देसी पिस्टल, अतिरिक्त मैगजीन, छह जिंदा कारतूस और एक फायर किया हुआ खोखा बरामद हुआ है। पुलिस ने सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट, बीएनएस और झारखंड अपराध नियंत्रण अधिनियम (JCCA) के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, 21 जुलाई को वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि गरीब नवाज कॉलोनी के पास खरकई नदी पर बने रेलवे पुल के नीचे खुर्शीद उर्फ भाकुड़ अपने गिरोह के साथ हथियारों से लैस होकर अपराधी मो. निजाम की हत्या की योजना बना रहा है। सूचना के बाद सिटी एसपी के निर्देश पर डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) सुमित कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।

भाकुड़ समेत पांच लोगों को दबोच लिया
छापेमारी के दौरान पुलिस ने रेलवे ओवरब्रिज के नीचे से खुर्शीद उर्फ भाकुड़ समेत पांच लोगों को दबोच लिया। तलाशी में मो. शहजादा के पास से एक देसी पिस्टल, अतिरिक्त मैगजीन और चार जिंदा कारतूस मिले। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने ईदगाह मैदान के पास से गिरोह के पांच अन्य सदस्यों को भी गिरफ्तार किया, जिसमें एक नाबालिग भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर शिव घाट स्थित रिसाइक्लिंग प्लांट के पास छिपाकर रखा गया एक और देसी पिस्टल तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किया। वहीं पटनहिया मोहल्ला मैदान के पास से एक जिंदा गोली और फायर किया हुआ खोखा मिला। जांच में सामने आया कि 19 जुलाई को इसी जगह जान से मारने की नीयत से फायरिंग की गई थी।

ब्राउन शुगर कारोबार के पैसे और प्रेम प्रसंग बना हत्या की योजना की वजह
पूछताछ में खुर्शीद उर्फ भाकुड़ ने पुलिस को बताया कि वह पहले मो. निजाम का करीबी साथी था। दोनों के बीच ब्राउन शुगर कारोबार से जुड़े करीब 15-16 लाख रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसके अलावा, खुर्शीद के जेल में रहने के दौरान उसकी प्रेमिका निखत परवीन उर्फ पूजा ने मो. निजाम से शादी कर ली थी। इसी रंजिश में खुर्शीद ने निजाम की हत्या की योजना बनायी थी।
वहीं गिरफ्तार आरोपी मो. शहजादा ने भी निजाम से पुराना विवाद होने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार, वह जेल से बाहर आने के बाद खुर्शीद के गिरोह से जुड़ गया था और हथियार जुटाने में सहयोग कर रहा था। गिरफ्तार आरोपियों में मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड़, मो. शहजादा, मो. इकबाल, अरसिल शेख उर्फ अस्तर, मो. रिजवान उर्फ कैफ, मो. फैसल उर्फ अरमान, आफताब खान उर्फ गिडुआ बच्चा, मो. अरबाज खान, मो. सितारे और एक नाबालिग शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, खुर्शीद उर्फ भाकुड़ के खिलाफ पहले से हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, दुष्कर्म समेत कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। जिला बदर होने के बावजूद जिले में प्रवेश कर अपराध की साजिश रचने के आरोप में उसके खिलाफ JCCA के तहत भी मामला दर्ज किया गया है।
