जमशेदपुर
जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र के लाल बिल्डिंग स्थित गोल्डेन ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी कांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए चोरी के करीब 1.5 किलोग्राम चांदी के जेवरात समेत वारदात में इस्तेमाल हुआ औजार बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, अपराधी चोरी के सामान को बेचते या गलाकर उसका स्वरूप बदल पाते, इससे पहले ही उन्हें पकड़ लिया गया।
19 अगस्त की रात शटर तोड़कर चोरी
सोमवार को सिटी एसपी ललित मीणा ने प्रेस कांफ्रेंस कर बताया कि 19 अगस्त की रात करीब 2 से 3 बजे के बीच अपराधियों ने बंद गोल्डेन ज्वेलरी दुकान का शटर तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। दुकान से करीब 5 से 6 लाख रुपये मूल्य के चांदी के जेवरात, दो वजन मशीन और अन्य सामान चोरी किये गये थे। इस मामले में बागबेड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गयी थी।
विशेष टीम ने आरोपियों को दबोचा
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी (विधि-व्यवस्था) सुमित कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मानवीय सूचना और तकनीकी जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गाराबासा निवासी गोपीनाथ मुंडा उर्फ बुलेट (38) और पोटका के कोवाली थाना क्षेत्र निवासी श्रीमंतो गोप उर्फ सुमंतो (55) के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया।.jpeg)
1.5 किलो चांदी के जेवरात बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से करीब 1.5 किलो चांदी के जेवरात बरामद किए हैं। इसमें 36 लॉकेट, 134 अंगूठियां, 6 मंगलसूत्र, 11 पान पत्ता, 9 पायल, 15 मोती की माला, 3 चेन, 13 राखियां, 2 चांदी के सिक्के, 4 गदा, कान्हा की चांदी की बांसुरी, एक बाजूबंद, 4 जोड़ी कान के टॉप्स, 6 लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, 4 शंखा पोला, 2 जोड़ी कड़ा, घुंघरू और चांदी के 56 टूटे हुए टुकड़े शामिल हैं। इसके अलावा पुलिस ने दो वजन मशीन, वीवो कंपनी का मोबाइल, बड़ा बोल्ट कटर और लोहे का सब्बल भी बरामद किया है।