जमशेदपुर
बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी बार के बाहर हुए हिमांशु सिंह हत्याकांड के एक और आरोपी अपराधी राहुल दुबे को पुलिस ने जेल भेज दिया है। पुलिस ने कदम शास्त्रीनगर निवासी राहुल दुबे की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किये गये चापड़ को भी बरामद कर लिया है। आज शनिवार को पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तारी और पूरे मामले की जानकारी दी।
मुख्य आरोपी राहुल दुबे बिष्टुपुर से गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, राहुल दुबे ने शुक्रवार को बिष्टुपुर थाना पहुंचकर सरेंडर करने की कोशिश की थी। हत्याकांड में नाम सामने आने के बाद से पुलिस लगातार उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही थी। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही थी। इसी दबाव के बीच मुख्य आरोपी राहुल दुबे को बिष्टुपुर थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। दरअसल, 27 जून की रात करीब 11:30 बजे डीडी बार के पास धारदार हथियार से हिमांशु और प्रत्यूष पर हमला किया गया था। इस हमले में गंभीर रूप से घायल हिमांशु की इलाज के दौरान मौत हो गयी थी, जबकि प्रत्यूष का इलाज अभी कोलकाता के अपोलो में जारी है। 
मामले में अब तक 13 आरोपी गिरफ्तार, भेजा गया जेल
घटना की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम के एसएसपी डॉ एहतेश्याम वाकरीब के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया था। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर मामले की जांच शुरू की। पुलिस की कार्रवाई में अब तक इस हत्याकांड में नामजद और अन्य आरोपियों समेत कुल 13 लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में राहुल दुबे ने कई अहम जानकारियां दी हैं। पूछताछ के बाद पुलिस ने राहुल दुबे की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चापड़ बरामद किया।
आरोपी राहुल दुबे का रहा है आपराधिक इतिहास
पुलिस ने बताया कि राहुल दुबे का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2025 में कदमा थाना में गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ था। वहीं वर्ष 2021 में भी हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामले में उसका नाम सामने आया था। इस पूरी कार्रवाई में सहायक पुलिस अधीक्षक ऋषभ त्रिवेदी, डीएसपी विधि-व्यवस्था सुमित कुमार, नगर डीएसपी, सीसीआर, यातायात डीएसपी, बिष्टुपुर थाना प्रभारी निरंजन कुमार समेत तकनीकी शाखा और छापेमारी टीम की अहम भूमिका रही। पुलिस अब मामले में फरार अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।