जमशेदपुर
जमशेदपुर में पड़ रही भीषण गर्मी अब जानलेवा साबित होने लगी है। बीते 24 घंटे के भीतर शहर में एक महिला सहित तीन लोगों की मौत की घटनाएं सामने आयी हैं। सभी मामलों में प्राथमिक तौर पर कारण लू और तेज गर्मी माना जा रहा है, हालांकि पुलिस ने स्पष्ट कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होने की बात कही है।

परसुडीह में महिला का शव बरामद
परसुडीह थाना क्षेत्र के गोलपहाड़ी में शुक्रवार को सड़क किनारे एक 24 वर्षीय महिला का शव मिला। मृतका की पहचान पूजा भूमिज के रूप में हुई है, जो पोटका के बालीडीह की रहने वाली थी। सूचना मिलने पर परसुडीह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती तौर पर मामला लू लगने से मौत का प्रतीत हो रहा है, लेकिन अंतिम निष्कर्ष रिपोर्ट के बाद ही सामने आयेगा।
कपाली में बंद मकान से शव मिला
दूसरी घटना कपाली क्षेत्र की है, जहां वार्ड संख्या 16 स्थित एक बंद मकान से शुक्रवार शाम मो. इकबाल अख्तर खान का शव बरामद किया गया। वह घर में अकेले रहते थे, जबकि उनके साथी कुछ दिनों से बाहर गये हुए थे। पड़ोसियों ने घर से दुर्गंध आने पर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दरवाजा खोलकर शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। यहां भी प्राथमिक आशंका अत्यधिक गर्मी के कारण मौत की जताई जा रही है।
मानगो-डिमना रोड पर युवक की मौत और गहराता स्वास्थ्य संकट
तीसरे मामले में मानगो-डिमना रोड पर गुरुवार को लू लगने से एक युवक की मौत हुई थी, जिसकी पहचान शुक्रवार को पुष्टि मुखी (30) के रूप में हुई। वह हेसाडूंगरी, कावाली का रहने वाला था। जानकारी के अनुसार, वह काम की तलाश में घर से निकला था, इसी दौरान डिमना रोड पर अचानक बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। ऐसे में लगातार बढ़ते तापमान और लू के प्रभाव से शहर में स्वास्थ्य संकट की स्थिति गहराती नजर आ रही है।