logo

सेकेंड हैंड शोरूम के बाहर खड़ी कार में लगी आग, कई गाड़ियां खाक होने से बची

burn.jpg

अभिषेक पीयूष/ जमशेदपुर
जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित टुइलाडुंगरी इलाके में गुरुवार तड़के एक बड़ा हादसा टल गया। रेलवे स्टेशन जाने वाली सड़क किनारे संचालित सेकेंड हैंड कारों के सेल-परचेज परिसर के बाहर खड़ी एक कार में अचानक आग लग गई। घटना साईं मोटर्स के पास की बताई जा रही है, जहां सड़क किनारे फोर सेल लिखी कई पुरानी कारें लाइन से खड़ी रहती हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार सुबह सबसे पहले एक कार से धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही देर में कार धू-धू कर जलने लगी और आग की लपटें तेज हो गईं। कार के आसपास कई अन्य वाहन भी खड़े थे, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। लोगों को डर था कि अगर आग दूसरी गाड़ियों तक पहुंच जाती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। 


दमकल ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। समय रहते आग बुझा दिए जाने से आसपास खड़ी अन्य गाड़ियां सुरक्षित बच गईं। घटना की सूचना मिलने पर गोलमुरी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।


सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों पर लोगों ने जताई नाराजगी
स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे अवैध तरीके से खड़ी की जाने वाली सेकेंड हैंड कारों को लेकर नाराजगी जाहिर की। लोगों का कहना है कि रेलवे स्टेशन जाने वाली व्यस्त सड़क पर रोजाना बड़ी संख्या में वाहन खड़े किए जाते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों पर कार्रवाई करने और सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग रोकने की मांग की है।


 

Tags - Jamshedpur Fire Accident Jharkhand BreakingNews