जमशेदपुर
जमशेदपुर के गोलमुरी थाना क्षेत्र स्थित पानी टंकी के पास शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गयी। दुर्घटना के वक्त एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर बिजली के खंभे से जा टकरायी। हादसे में बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पेन कार्ड से हुई मृतक की पहचान
मृतक की पहचान सुशील साह (37) के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी पहचान जेब से मिले पेन कार्ड के आधार पर की। हालांकि, देर रात तक उसके परिजनों का पता नहीं चल सका था। पुलिस परिवार के सदस्यों की जानकारी जुटाने में लगी है।
तेज रफ्तार के कारण हुआ हादसा
पुलिस के प्रारंभिक जांच के अनुसार, मृतक की बाइक की रफ्तार काफी अधिक थी। इसी दौरान चालक बाइक पर से अपना नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे बिजली के खंभे से जा टकराया।
हेलमेट नहीं पहनने से सिर में लगी गंभीर चोट
हादसे के समय युवक ने हेलमेट भी नहीं पहन रखा था। टक्कर के बाद उसके सिर में गंभीर चोट आयी, जो उसकी मौत का कारण बनी।
बाइक जब्त, पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव
घटना के बाद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है। वहीं, शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। पुलिस हादसे के वास्तविक कारणों की जांच कर रही है।