logo

जमशेदपुर में फर्जी पुलिस का पर्दाफाश, केस मैनेज करने के नाम पर लूटा; कोलकाता से पकड़े गए 2 शातिर

जमशेदपुर में फर्जी पुलिस का पर्दाफाश, केस मैनेज करने के नाम पर लूटा; कोलकाता से पकड़े गए 2 शातिर

जमशेदपुर: 
जमशेदपुर में खुद को पुलिसकर्मी बताकर युवक को केस मैनेज कराने का झांसा देने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। आरोपियों ने युवक को डराने-धमकाने के बाद उससे 25,600 रुपये नकद, दो मोबाइल फोन और बाइक लूट ली। घटना एमजीएम थाना क्षेत्र से जुड़ी है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लूटे गए सामान बरामद कर लिए हैं।

केस मैनेज कराने के नाम पर युवक को सुनसान जगह ले गए
घटना 13 सितंबर की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने एमजीएम थाना क्षेत्र के बिरेन दास को आरबीएस एकेडमी, डिमना के पास अपने झांसे में लिया। खुद को पुलिसकर्मी बताकर उन्होंने केस मैनेज कराने की बात कही और बिरेन को अपने साथ डिमना से गोलमुरी के आनंदनगर ले गए। सुनसान जगह पहुंचने के बाद आरोपियों ने युवक को डराया-धमकाया और उससे 25,600 रुपये, दो मोबाइल फोन और बाइक लूट ली। इसके बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों से गिरफ्तारी
मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी पटमदा दयानंद कुमार ने बताया कि पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की। इस दौरान कोलकाता के टॉलीगंज आजादगढ़ निवासी बंटी गुहा और मानगो के रब्बानी कॉलोनी निवासी इम्तियाज खान को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से लूटी गई स्प्लेंडर बाइक और मोबाइल फोन बरामद किए हैं। जांच में पता चला कि पुलिस से बचने के लिए आरोपियों ने बाइक की नंबर प्लेट बदल दी थी।

बंटी गुहा के खिलाफ 11 से अधिक मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार, बंटी गुहा पहले से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है। उसके खिलाफ कदमा, सीतारामडेरा, जुगसलाई, टेल्को, सिदगोड़ा, परसुडीह और कांड्रा थानों में 11 से अधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, इम्तियाज खान के खिलाफ भी बागबेड़ा थाने में मामला दर्ज है।

लूट के बाद कोलकाता भाग गए थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी लूटी गई बाइक से कोलकाता भाग गए थे। वहां लूटे गए रुपये खर्च करने के बाद उन्होंने बाइक की नंबर प्लेट बदल दी और वापस जमशेदपुर लौट आए। पुलिस ने बताया कि दोनों आरोपी दोबारा किसी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में थे। इसी दौरान पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

Tags - Jamshedpur CrimeFake PoliceMGM Police StationBunty GuhaJharkhand News