जमशेदपुर:
जमशेदपुर में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने एमजीएम थाना क्षेत्र के कालाझोर गांव में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान शराब बनाने के लिए तैयार किये जा रहे करीब 3 हजार किलो जावा महुआ को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। वहीं, 105 लीटर अवैध चुलाई शराब भी बरामद की गयी।

उपायुक्त के निर्देश पर हुई छापेमारी, अवैध सामग्री नष्ट
उपायुक्त राजीव रंजन के निर्देश पर की गयी इस कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने अवैध शराब निर्माण से संबंधित सामग्री की भी जांच की। टीम के पहुंचने से पहले ही अवैध कारोबार में शामिल लोग मौके से फरार हो गये थे। लेकिन, टीम ने मौके पर मौजूद सभी अवैध शराब को अपने कब्जे में ले लिया और उन्हें नष्ट करने का कार्य किया। मामले में गुनोधर महतो समेत अन्य संदिग्ध आरोपियों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की धाराओं के तहत फरार अभियोग दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही है। उत्पाद विभाग ने अवैध शराब के निर्माण, संचयन और बिक्री के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही है।